हुडा नहीं करा रहा समस्या का समाधान लोगों ने दिया धरना
सेक्टर-11 में काफी समय से बनी सीवरेज समस्या का समाधान न होने पर सेक्टरवासियों ने लगातार तीसरे दिन मंगलवार को भी धरना देकर रोष जताया। लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर समस्या का समाधान कराने की मांग की।
सेक्टरवासी रिटायर्ड प्रिंसिपल रमेश मलिक, रणदीप सहारण, सतपाल, हंसबीर रेढू, राजपाल मलिक, उमेद, लाभसिंह, सतेंद्र, हरिराम ने बताया कि वो संबंधित कार्यालयों के पिछले दो साल से चक्कर काट रहे हैं। उनकी समस्या का आज तक समाधान नहीं हुआ है। उनके सेक्टर-11 में कई वर्षों से सीवरेज समस्या है। बारिश के मौसम में भी पानी खाली प्लाॅटों में चला जाता है तो वह कई-कई दिनों तक सड़ता रहता है। आसपास के लोगों को वहां रहने में परेशानी होती है। उन्होंने कहा कि सेक्टर-11 में हुडा द्वारा सीवरेज डाले गए हैं, वो सही तरह से काम नहीं कर रहे हैं। कई जगह सीवरेज ओवरफ्लो होकर बैक मार रहे हैं। इससे सीवरेज का पानी सड़कों पर फैला रहता है। बारिश के सीजन में यह समस्या और ज्यादा गंभीर हो जाएगी। इस समस्या को लेकर वे कई बार हुडा व अन्य अधिकारियों के चक्कर काट चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो पाया है।