दिव्यांगों के पहचान पत्र बनाने को शिविर 21 से
डीसी अमित खत्री ने मंगलवार को बताया कि दिव्यांगजनों के विशेष पहचान पत्र बनाए जाएंगे ताकि वे सरकारी योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त कर सकें। जिला प्रशासन द्वारा दिव्यांगों के पहचान पत्र बनाने के लिए शैड्यूल तैयार कर लिया गया है। इस शैड्यूल के अनुसार हर खंड में एक-एक कैंप का आयोजन करवाया जाएगा।
डीसी ने बताया कि सभी गांवों के सरपंचों, ग्राम सचिवों से कहा गया है कि वे अपने-अपने गांवों के दिव्यांगजनों को इन कैंपों में भेजने के लिए मुनादी करवाएं। उन्होंने दिव्यांगजनों से भी कहा है कि वे कैंपों में पहचान पत्र बनवाने के लिए आएं और अपने साथ एक फोटो, आधार कार्ड, दिव्यांग प्रमाण पत्र, राशन कार्ड की एक प्रति साथ लेकर आएं। उन्होंने बताया कि नरवाना में यह कैंप 21 मई को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में लगाया जाएगा। उचाना में 22 मई को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय, जुलाना में 23 मई को, पिल्लूखेड़ा में 24 मई को, सफीदों में 25 मई को, अलेवा में 28 मई को, जींद खंड में 29 मई को तथा जींद शहर में 30 मई को इन कैंपों का आयोजन करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि खंड स्तर पर आयोजित होने वाले यह सभी शिविर खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में आयोजित होंगे। जींद शहर में लगने वाला कैंप नगरपरिषद कार्यालय में आयोजित होगा।