सामाजिक समरसता को बढ़ाने के लिए राहगीरी कार्यक्रम 27 को
जींद | सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने व खुशियों के पलों को आपस में सांझा करने का अवसर उपलब्ध करवाने वाला राहगीरी कार्यक्रम इस बार 27 मई को होगा। इसमें रस्साकशी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल, एरोबिक्स खेल, साइकिल रैली, कराटे, जूडो जैसी गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खुशियों की सुबह-राहगीरी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर एडीसी विक्रम ने बुधवार को अधिकारियों के साथ बैठक की।
एडीसी ने कहा कि आज की भागदौड़ की जिंदगी में खुशी के क्षण सुलभ होना बड़ी बात है। राहगीरी कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में आपसी भेदभाव को भुलाकर उन्हें समरसता की डोर से जोड़ना है। इसमें न केवल अधिकारी, कर्मचारी, स्कूली बच्चे भाग लें, बल्कि समाज का आमजन भी इस कार्यक्रम का हिस्सा बने, इसको लेकर स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया जाता है। कार्यक्रम ऐसा हो जो सीधा लोगों के दिलों-दिमाग पर आपसी भाईचारे की अमिट छाप छोड़े। इसको लेकर उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को विशेष रूप से निर्देश दिए कि वे बच्चों के ऐसे कार्यक्रम तैयार करवाए, जिनमें हास्य का पुट हो और सामाजिक समरसता का संदेश हो, तभी इस प्रकार के आयोजन का मकसद सार्थक होगा।
एडीसी विक्रम ने बताया कि इस बार रानी तलाब के पास स्टेडियम साइड में राहगीरी कार्यक्रम होगा। एक ऊंचा मंच बनाया जाएगा। जिस पर स्कूली बच्चे अपने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। सुबह 7 बजे से सुबह 9 बजे तक चलने वाला यह कार्यक्रम पूरी तरह से लोगों की रूचि व रूझान और पसंद के अनुरूप होगा। समूह नृत्य कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेगा।