एससी-एसटी विद्यार्थियों की रुकी छात्रवृत्ति देने की मांग उठाई
जींद |भारत बंद के दौरान 2 अप्रैल को मारे गए लोगों के परिवारों को मुआवजा दिलवाने व दर्ज किए गए झूठे मुकदमों को वापस करवाने, गिरफ्तार आंदोलनकारियों को रिहा करवाने की मांग को लेकर दलित अधिकार मंच व भवन निर्माण कामगार यूनियन ने शहर में प्रदर्शन किया। इसके अलावा एससी-एसटी विद्यार्थियों व भवन निर्माण कामगारों के बच्चों की रुकी हुई छात्रवृत्ति जारी करवाने की भी मांग की गई। प्रदर्शन के बाद सीटीएम सत्यवान मान व डीईईओ सत्यवती नांदल को ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान भवन निर्माण कामगार यूनियन के जिला प्रधान कश्मीर सिंह सेलवाल व दलित अधिकार मंच के राज्य सहसंयोजक सोहनदास ने कहा कि दो अप्रैल को भारत बंद के दौरान प्रशासन द्वारा दायर किए गए झूठे मुकदमों का तुरंत वापस लिया जाए और मारे गये आंदोलनकारियों को मुआवजे के साथ-साथ सरकारी नौकरी दी जाए।
भाजपा सरकार से हर तबका परेशान : राज्य संयोजक रामकुमार बहबलपुरिया व जिला संयोजक संदीप जाजवान ने कहा कि सरकार की जन विरोधी नीतियों के कारण मजदूर, किसान, कर्मचारी सड़क पर आकर आंदोलन करने को मजबूर हैं। सरकार उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय झूठी बयानबाजी करने में लगी हुई है। इस मौके पर सीटू जिला सचिव का. रमेशचंद्र, राज्य सलाहकार का. इंद्रजीत सिंह, जिला सचिव कपूर सिंह, सह संयोजक मोनू दनौदा, जिला कोषाध्यक्ष जसपाल मौजूद रहे।