लड़की के साथ छेड़छाड़ कर की मारपीट, चार लोग नामजद
जींद | नाबालिग से छेड़छाड़ करने, विरोध करने पर मारपीट करने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को नामजद कर तीन-चार अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। श्यामनगर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह अपने घर पर परचून की दुकान चलाता है। 11 अप्रैल की रात को वह अपने घर पर था। उसकी नाबालिग लड़की दुकान पर बैठी हुई थी। इस दौरान संतनगर निवासी घनश्याम ने दुकान पर आकर उसकी लड़की से दूध की थैली लेते समय छेड़खानी की। इस पर उसकी लड़की ने उसकी मां को आवाज लगाई तो वह तथा उसकी प|ी दुकान पर आ गए। उन्होंने घनश्याम से कहा कि सामान लेना है तो ठीक है, वरना जाओ, वह बच्चों के साथ गलत हरकत बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस पर वह वहां से चला गया। इसके 10 मिनट बाद तीन बाइक व दो स्कूटी पर सवार होकर घनश्याम, गुलशन, राधेश्याम, उत्तम व 10-12 अन्य लोग आ धमके और उनके साथ मारपीट करनी शुरू कर दी। उनमें से एक ने उसके सिर पर गंडासा मारा। पुलिस ने इस शिकायत पर कार्रवाई करते हुए घनश्याम, गुलशन, राधेश्याम, उत्तम सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।