ईंट-भट्ठा मजदूरों ने पैसे न मिलने पर धरना दिया
जींद. मजदूरी न मिलने पर धरने पर बैठे प्रवासी भट्ठा मजदूर।
भास्कर न्यूज | जींद
बीबीपुर गांव के एक ईंट भट्ठे पर काम कर रहे यूपी से आए मजदूरों को मालिक द्वारा बंधुआ बनाकर काम कराने और मजदूरी न देने पर शुक्रवार को लघु सचिवालय के सामने धरना शुरू किया। उन्होंने भट्ठा मलिक व मुनीम पर बंधुआ बनाए रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे काम के पैसे भी नहीं दे रहे हैं। इस मामले को लेकर 12 अप्रैल को एसपी से भी मिले थे। यूपी के बांदा जिले के मजदूर सोनू, पुष्पेंद्र, सावित्री, सरस्वती ने बताया कि वह भट्ठा पर पिछले चार माह से काम कर रहे हैं। आरोप लगाया कि जबरदस्ती इकरारनामा दो रुपए सैकड़ा के हिसाब से लिखवा कर उनका शोषण कर रहे हैं। 12 अप्रैल को एसपी से मिले थे। दलित एक्टिविस्ट देशराज सरोहा ने कहा कि देश व प्रदेश में हर रोज जरूरतमंदों को प्रताड़ित किया जाता है। इस मौके पर दिनेश खापड़, नरेंद्र सिंहमार एडवोकेट, संदीप बारह, अजय भंभेवा, राजेश आसन, पिरथी सिंह, अनिल मेहरा, सुनील मेहरा, जयभगवान मौजूद रहे।
भट्ठा मालिक को बुलाया है, फिर शुरू होगी जांच
भट्ठा मालिक व मजदूरों का आपस में पैसे के लेन-देन का मामला है। पुलिस ने 12 अप्रैल को मजदूरों के पैसे दिलवाकर समझौता करा दिया था। अगर मजदूर सहमत नहीं है तो दोबारा भट्ठा मालिक को बुलाया गया है। पुलिस द्वारा मजदूरों को जंक्शन पर छोडऩे वाली बात गलत है। पवन कुमार, डीएसपी, जींद।