जींद. शहर में महिला एवं बाल विकास कविता जैन के पुतले की अर्थी उठाकर रोष प्रकट करते सफाई कर्मचारी। फोटो|भास्कर
सफाई कर्मचारी रहे हड़ताल पर, नगर परिषद कार्यालय में शुरू हुआ कार्य, शहरवासियों ने जमा कराई हाउस टैक्स की राशि
भास्कर न्यूज | जींद
नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने मांगों को लेकर महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन के पुतले की शवयात्रा शहर में निकाली। इसके बाद रानी तालाब पर पहुंचकर पुतले में आग लगा दी। उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। उनका कहना था कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो वे सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। शुक्रवार को नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल जारी रही। नगर परिषद कार्यालय के बाहर धरना भी जारी रखा। सफाई कर्मचारियों ने धरनास्थल पर महिला एवं बाल विकास मंत्री कविता जैन का पुतला बनाया गया और इसे अर्थी पर लेटाकर पूरे शहर में घुमाया। सर्व कर्मचारी संघ जींद के प्रधान धर्मबीर भंभेवा ने कहा कि संघ पूरी तरह से सफाई कर्मियों के आंदोलन के साथ खड़ा है। अगर जरूरत पड़ी तो सभी विभागों के कर्मचारी इस आंदोलन में भाग लेकर सड़कों पर उतर आएंगे। इस मौके पर रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान आजाद पांचाल ने कहा कि सरकार जिस तरह से कर्मियों की अनदेखी कर रही है। जायज मांगों को भी लागू नहीं किया जा रहा है। इससे सरकार के खिलाफ कर्मचारियों में रोष है। इस मौके पर सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान गजे सिंह, नत्थूराम, हरबंस लाल, बलबीर श्योकंद, राजमल, कमला देवी, सोहनलाल, वीरभान, जगबीर, सुनील कुंडू, फूलकुमार, सुुभाष मौजूद रहे।
शुक्रवार को नप कार्यालय में हुए कार्य : शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में सभी कर्मचारी पहुंचे। कार्यालय में सुचारू रूप से कार्य हुआ। पांच दिनों से नगर परिषद कार्यालय बंद रहने से शहरवासियों के काम अटके पड़े थे। रूके कामकाज करवाने को लेकर शहरवासियों की पूरा दिन कार्यालय में भीड़ लगी रही। ज्यादा भीड़ हाउस टैक्स जमा कराने वालों की थी।
‘सरकार कर्मियों के साथ अन्याय कर रही’
जुलाना| मांगों को लेकर कर्मचारियों ने कस्बे में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शहर स्थानीय निकाय मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाली और उनका पूतला फूंका। प्रदर्शन की अगुवाई सर्व कर्मचारी संघ के नेता ईश्वर ठाकुर ने की। शुक्रवार को भी नगरपालिका संघ के आह्वान पर नपा सफाई कर्मचारी, फायर ब्रिगेड कर्मचारी, बिजली निगम, बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य एसोसिएशन, सीटू, आशा वर्कर यूनियन एवं एसकेएस हरियाणा सहित अनेक संगठनों का धरना जारी रहा। सर्व कर्मचारी संघ नेता ईश्वर ठाकुर प्रदेश की सरकार कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है और उनका शोषण कर रही है। सरकार कर्मचारियों की मांगों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है। इसके बाद पुरानी अनाज मंडी एवं बाजार से होते हुए कर्मचारियों ने शहरी स्थानीय निकाय मंत्री के पुतले की शव यात्रा निकाली और पुराने बस अड्डे पर उनका पुतला फूंका।
जींद. रानी तालाब के पास मंत्री कविता जैन का पुतला फूंकते सफाई कर्मचारी।
नरवाना में हड़ताल के कारण जगह-जगह रही गंदगी
नरवाना| नगर परिषद कर्मचारी संघ व हरियाणा अग्निशमन कर्मचारियों ने हड़ताल को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया। शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों नगर परिषद से लेकर भगत सिंह चौक तक पुतले की शव यात्रा निकाली और भगत सिंह चौक पर स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन का पुतला फूंका।
नरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि इस हड़ताल को अनिश्चितकाल में बदल दिया और सरकार को चेताया कि जल्द से जल्द सरकार ने इस तरफ कोई ध्यान नहीं दिया तो सरकार को परिणाम भुगतने पड़ेंगे। सर्व कर्मचारी संघ अपनी मांगों को मनमाने के लिए किसी भी परीक्षा से गुजरने के तैयार है। मांगों को जायज बताते हुए आईटीआई नरवाना की टीम में परमजीत धारीवाल पूर्व प्रधान राज्य, हिमांशु एसडीओ नगरपालिका नरवाना, बीरबल मिर्धा, विकास सैनी, दयानंद आदि ने भी अनिश्चितकालीन हड़ताल में अपना समर्थन दे दिया है। वहीं सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोगों को अपने घरों के सामने सफाई का कार्य करने के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया है। वहीं सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर में गंदगी का माहौल बना हुआ है। इस मौके पर हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी व उपप्रधान विरेंद्र सिंह, राजाराम सलाहकार, कैशियर सावित्री देवी, राजेंद्र टेहरपुरिया, कर्मबीर शर्मा, नरेश दनौदा, विनोद ड्राइवर, बलजीत फायरमैन, राजाराम, विनोद फायरमैन, कमलजीत ड्राइवर, सत्यवान नैन, राजाराम फायरमैन, जयभगवान, सोहनलाल, प्रवीण, फूलसिंह, रामनिवास, संजीत कौर, कमलेश, इंद्रा, किताबो मौजूद रही।
नरवाना. भगत सिंह चौक पर कविता जैन का पुतला फूंकते सफाई कर्मचारी।