जींद. रानी तालाब चौक पर सरकार का पुतला फूंकते कांग्रेसी। फोटो|भास्कर
भास्कर न्यूज | जींद
कर्नाटक में बिना बहुमत से भाजपा के येद्दियुरप्पा को सीएम की शपथ दिलाने के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने रानी तालाब पर केंद्र सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेसियों ने कर्नाटक के घटनाक्रम को तानाशाही करार देते हुए इसे लोकतंत्र का गला घोंटने की घटना बताया। लोकतांत्रिक मूल्यों पर भाजपा का विश्वास नहीं है, पीएम नरेंद्र मोदी व अध्यक्ष अमित शाह को जनता द्वारा दिए गए जनमत पर भी कोई विश्वास नहीं है। इनका एक ही लक्ष्य है कि कैसे भी सत्ता हथियाओ। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी नेता प्रमोद सहवाग ने कहा कि मणिपुर, गोवा में कांग्रेस सबसे बड़ा दल है, लेकिन वहां के राज्यपाल ने मोदी व शाह के इशारे पर कांग्रेस को सरकार बनाने का मौका नहीं दिया। अब कर्नाटक में जेडीएस और कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत है, लेकिन मोदी व शाह की जोड़ी ने राज्यपाल पद का दुरुपयोग करते हुए कर्नाटक में लोकतांत्रिक मूल्यों व संविधान की हत्या कर सत्ता हथिया ली।
प्रमोद सहवाग ने कहा कि देश व प्रदेश में भाजपा की नीतियों के कारण उनका ग्राफ निरंतर नीचे गिर रहा है। प्रदेश में आमजन पेयजल व बिजली आपूर्ति, महंगाई, भ्रष्टाचार, अव्यवस्था को लेकर, सरकारी कर्मचारी अपने हकों के लिए सड़कों पर उतरे हुए हैं और सरकार के मुखिया व मंत्री विदेशों में सैर सपाटा कर रहे हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामकरण दास मंगला, धर्मपाल कटारिया, प्रो. महेंद्र सिंह, महिला जिला प्रधान गायत्री देवी, रघुबीर भारद्वाज, मंजीत सैनी, सुमेर पहलवान, विनोद सिंगला, सतीश सरपंच, सुरेश देव कौशिक, रमनदीप रसीदां, प्रवीण बामणिया, बलजीत लाठर, अजमेर रेढू, सौरभ भटनागर, रोहित दलाल, डॉ. स्नेहलता, सुखविंद्र कौर, मयंक गर्ग, मा. सुल्तान मेहंदिया, हरपाल अलेवा, सुभाष तलोडा मौजूद रहे।