जींद. डीआरडीए में आयोजित मीटिंग को संबोधित करते एडीसी विक्रम
जींद | बच्चों की सुरक्षा जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इसलिए सभी स्कूल संचालक सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी की पालना करना सुनिश्चित करें। इस कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
यह बात एडीसी विक्रम ने कही। वे डीआरडीए के सभागार में प्रशासनिक अधिकारियों और निजी स्कूल संचालकों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। एडीसी ने कहा कि सुरक्षित वाहन पॉलिसी की अनुपालना करना हर स्कूल संचालक के लिए बेहद जरूरी है, क्योंकि यह मामला बच्चों से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर कोई ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी, इसलिए अपने वाहनों को हर मायने से दुरुस्त रखना सुनिश्चित करें।
उन्होंने निजी स्कूल संचालकों को निर्देश दिए कि वे अपने स्कूली वाहनों की समय-समय पर चेकिंग करवाते रहे। जब भी जिला प्रशासन द्वारा वाहनों की चेकिंग के लिए बुलाया जाए, तुरंत आकर वाहनों की चेकिंग करवाए। बैठक में जींद के एसडीएम वीरेंद्र सहरावत, नगराधीश सत्यवान सिंह मान, जिला शिक्षा अधिकारी विजय लक्ष्मी तथा कई अधिकारी मौजूद रहे।