हांसी रोड स्थित कॉलोनियों के लिए मुसीबत बने हडवारे को हटवाने के लिए कॉलोनीवासियों का चौथे दिन भी धरना जारी रहा। शुक्रवार को धरने में कांग्रेसी नेता प्रमोद सहवाग, प्रदेश सचिव धर्मपाल कटारिया, कांग्रेस की जिला महिला प्रधान गायत्री देवी, पार्षद सुमेर पहलवान, डॉ. स्नेहलता, उर्मिला आसरी, सुशीला ठाकुर, प्रवीन बामनिया सहित कई कांग्रेसियों ने हडवारे के सामने धरना दिया और लोगों के बीच पहुंचकर उनकी मांग का समर्थन किया। प्रमोद सहवाग ने कहा कि भाजपा सरकार लोगों के सामने परेशानी खड़ी कर रही है। जब नगर परिषद की सीमा के अंदर हडवारा नहीं खोला जा सकता तो फिर इसे हटाने में देरी क्यों की जा रही है। इससे साफ है कि सत्ताधारियों को लोगों की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। इस हडवारे के साथ ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र के बाशिंदे बीमार पड़ रहे हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन अनदेखी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस हडवारे को यहां से नहीं हटाया गया तो बड़ा आंदोलन करने के लिए पार्टी एेलान कर देगी। इस मौके पर हडवारा हटाओ संघर्ष समिति के प्रधान राजा सैनी, नरेंद्र दलाल, सुशील शांडिल्य, कुलदीप काला और जयभगवान ने कहा कि प्रशासन ने पिछले चार दिनों से कोई सुध नहीं ली है। उन्होंने कहा कि यदि जिला प्रशासन और नगर परिषद सकारात्मक सोच के साथ हडवारा संघर्ष समिति के साथ बैठकर बातचीत करें तो इस समस्या का हल निकल सकता है, लेकिन नगर परिषद प्रधान अपनी मनमानी कर रही हैं।
जींद. हडवारा हटाने की मांग को लेकर हांसी रोड पर धरने पर बैठे कांग्रेसी व कॉलोनीवासी। फोटो | भास्कर
अनहोनी हुई तो प्रशासन होगा जिम्मेदार
समिति प्रधान राजा सैनी ने कहा कि इस हडवारे का जिस व्यक्ति ने ठेका लिया हुआ है, उसके दूसरे स्थानों पर भी हडवारे के ठिकाने हैं। यदि प्रशासन जिले के अंदर किसी साइट का चयन नहीं कर पा रहा है तो वह ठेकेदार के दूसरे ठिकाने पर भी मरे हुए पशुओं को भिजवा सकता है। यदि धरने पर किसी के साथ कोई अनहोनी हो गई तो इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।