पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं ने उठाई झाड़ू सफाईकर्मियों ने ट्रॉलियों डंपर के टायर किए पंक्चर

अधिकारियों और सामाजिक संस्थाओं ने उठाई झाड़ू सफाईकर्मियों ने ट्रॉलियों-डंपर के टायर किए पंक्चर

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सफाईकर्मियों की हड़ताल के 11वें दिन शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं ने शहर में बदहाल हो चुकी सफाई व्यवस्था की सुध ली। इस दौरान अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों ने जींद शहर समेत, जुलाना, उचाना, सफीदों व नरवाना में सफाई की और जगह-जगह लगे कूड़े के कुछ ढेरों को उठवाया। जींद शहर में सुबह प्रशासनिक अधिकारियों ने ठेकेदार के माध्यम से शहर में लगे कूड़ों के ढेरों को उठवाना चाहा तो हड़ताली सफाई कर्मियों ने विरोध शुरू कर दिया। नगर सुधार मंडल कार्यालय के गेट पर धरना दे नगर परिषद के ट्रैक्टर-ट्राॅलियों व डंपरों को बाहर नहीं निकलने दिया। इस दौरान रात को पहले टायरों की हवा निकाली और सुबह टायरों में सुए घोंपकर पंक्चर कर दिए। इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा शहर में जगह-जगह से उठाए जा रहे कूड़े का भी मौके पर पहुंचकर विरोध किया। प्रशासनिक अधिकारियों व सामाजिक संस्थाओं के सदस्यों की ओर से शुरू किए सफाई अभियान से शहरवासियों को कुछ राहत मिली है। प्रशासन का कहना है कि सोमवार से शहर में सामाजिक संस्थाओं की मदद से लगातार सफाई अभियान चलाया जाएगा।

जींद. सफाई अभियान में जुटे सामाजिक संगठनों के सदस्य।

हड़ताल के कारण शहर में पड़े 800 टन कूड़े में से 150 टन का हुआ उठान

नगर परिषद सफाईकर्मियों के हड़ताल के कारण शहर की सभी सड़कों व गलियों में कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। करीब 800 टन कूड़ा शहर में इस समय पड़ा हुआ है। शनिवार अल सुबह एसडीएम वीरेंद्र सहरावत के नेतृत्व नगर परिषद के अधिकारियों सतीश गर्ग, बलबीर श्योकंद, सेनेटरी इंस्पेक्टर अशोक कुमार व तहसीलदार प्रवीन कुमार ने शहर में सामाजिक संस्था सेव, अन्ना टीम व अन्य के सहयोग से सफाई अभियान शुरू किया। इस दौरान शहर की सफाई का ठेका लिए हुए पुराने ठेकेदार से ट्रैक्टर-ट्राॅली व डंपर लिए गए। दिन भर चले कूड़ा उठाने के इस अभियान के दौरान करीब 150 टन कूड़ा शहर की सड़कों से उठाया गया।

सुए घोंपने वाले कर्मियों पर होगी कार्रवाई: एसडीएम

एसडीएम वीरेंद्र सहरावत का कहना है कि सोमवार से शहर में लगातार सफाई अभियान चलाने की योजना बनाई गई है। इसमें शहर की कई सामाजिक संस्थाओं व लोगों ने सहयोग करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि शनिवार को चले सफाई अभियान से शहर में कई जगहों से कूड़ा उठवाया गया है। जिन हड़ताली सफाई कर्मियों ने ट्रैक्टर-ट्राॅलियों, डंपर आदि में सुए घोंपकर टायर पंक्चर किए हैं। उनकी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

जींद. जुलाना में सफाई अभियान चलाते एसडीएम वीरेंद्र सहरावत।

सफाई को लेकर आमजन व पार्षद आएं आगे: एडीसी

एडीसी विक्रम सिंह ने सामाजिक संस्थाओं, नगर पार्षदों का आह्वान किया है कि वे सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर शहर व कस्बे में फैले कचरे को उठाकर शहर को साफ-सुथरा बनवाने के काम में जिला प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे कूड़े कचरे को खुले में न डालें। कूड़ा सिर्फ कूड़ा संग्रहण पॉइंटों पर ही डालें ताकि उसका सही तरीके से निस्तारण हो सके और लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जिले में कहां किस समय व किसके नेतृत्व में चला सफाई अभियान

जिले के सभी कस्बों व शहरों में अधिकारियों के नेतृत्व में चला सफाई अभियान

जींद शहर में अब भी सड़कों पर बिखरा पड़ा है 650 टन कूड़ा, उठ रही बदबू से शहरवासी परेशान

जुलाना: रात को की गई सफाई | एसडीएम वीरेंद्र सहरावत के नेतृत्व में शुक्रवार रात को और शनिवार सुबह सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान कस्बे के सभी कूड़ा संग्रहण केंद्रों से जेसीबी की सहायता से कूड़ा उठाया गया। इस दौरान तहसीलदार शिव कुमार सैनी, नगरपालिका के सचिव प्रवीण कुमार परूथी मौके पर मौजूद रहे।

उचाना: एसडीएम के नेतृत्व में उठाया गया कूड़ा | उचाना में एसडीएम शिल्पी पातड़ के नेतृत्व में शनिवार सुबह सफाई अभियान चलाया गया। ट्रैक्टर-ट्राॅली व रिक्शा से कई जगहों से कूड़ा-कर्कट उठवाया गया। एसडीएम ने लोगों से सफाई में सहयोग देने की अपील की है।

नरवाना: रातभर चला अभियान | नरवाना में एसडीएम डाॅ. किरण सिंह के नेतृत्व में कस्बे में शुक्रवार रातभर कूड़ा उठाने का अभियान चला। इस दौरान जेसीबी मशीनों का सहारा लेकर शहर से कचरा उठाया गया।

सफीदों: एसडीएम ने की लोगों से सहयोग देने की अपील | एसडीएम मंदीप कुमार ने नगर पालिका अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ शुक्रवार को कई जगहों से कूड़ा उठवाया। एसडीएम ने शहर के लोगों से अपील की गई कि वे सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के दौरान शहर में साफ-सफाई के काम में जिला प्रशासन का सहयोग करे।

खबरें और भी हैं...