जुलाना| ब्राह्मणवास में स्थिति वरदे देवी कोस्मो पब्लिक स्कूल का 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा है। प्राचार्य सतीश वत्स ने उत्कृष्ट स्थान प्राप्त करने वाले स्कूली बच्चों को सम्मानित किया। प्राचार्य ने बताया कि उनके स्कूल के 46 बच्चों ने परीक्षा दी थी जिसमें 14 बच्चों ने मैरिट प्राप्त की है और 28 बच्चों ने प्रथम स्थान के साथ 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसमें रितिका संधु ने विज्ञान संकाय में 433 अंक प्राप्त किए हैं, कला संकाय में पूजा वत्स ने 431 और अंशुल ने कला संकाय में 413 अंक प्राप्त किए है। वही हांसी रोड पर स्थित आरपीएस स्कूल के प्राचार्य सलील मेहता ने बताया कि स्कूल में 75 प्रतिशत बच्चों ने प्रथम स्थान से 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। शिक्षकों की मेहनत के चलते स्कूल का परिणाम बेहतर रहा है।
पारुल 473 अंक प्राप्त कर स्कूल में रही प्रथम
जींद| नव दुर्गा सीनियर सेकंडरी स्कूल की 12वीं कक्षा के 33 विद्यार्थियों ने बोर्ड परीक्षा में मेरिट प्राप्त की। स्कूल का परीक्षा परिणाम 99 प्रतिशत रहा। प्रिंसिपल शिवनारायण भारद्वाज ने बताया कि छात्रा पारुल ने 500 अंकों में से 473 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जाहनवी ने 456 अंक प्राप्त कर दूसरा व समीर व तीर्थ ने 449 अंक प्राप्त करके तीसरे स्थान प्राप्त किया।
राजकीय स्कूल किनाना का परिणाम रहा 80 प्रतिशत
जींद| राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय किनाना का बारहवीं कक्षा का परिणाम 80 प्रतिशत रहा। प्रिंसिपल एसके ढांडा ने बताया कि बारहवीं कक्षा के 43 में से 12 विद्यार्थियों ने मेरिट हासिल की। जिनमें आर्ट व साइंस संकाय के विद्यार्थी थे। प्रिंसिपल ने इसका श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत व अध्यापकों की मार्गदर्शन को दिया है।
ऋषिकुल स्कूल का परिणाम रहा 98 प्रतिशत
जींद| ऋषिकुल पब्लिक स्कूल का 12वीं कक्षा का परिणाम 98 प्रतिशत रहा। प्रबंधक राजीव गिल ने बताया कि छात्रा दीक्षा ने 442 अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया जबकि अमन ने 440 अंक प्राप्त कर द्वितीय व रिंकू ने 432 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। स्कूल के 16 बच्चों ने मेरिट में स्थान बनाया। जबकि अन्य छात्र प्रथम श्रेणी में पास हुए।
डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में बच्चों ने माताओं के साथ दी सांस्कृतिक प्रस्तुति
जींद| डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल में शनिवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें छोटे-छोटे बच्चों ने माताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि के रूप में डीसी की माता कृष्णा देवी, राजकीय महिला कॉलेज प्राचार्य शीला दहिया, राजकीय महिला कॉलेज की पूर्व प्राचार्य ऊषा चावला, शकुन भारद्वाज, रेनू दूहन ने शिरकत की। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य राजेश कुमार दूहन ने की। कार्यक्रम की शुरुआत मां की प्रेरणा पर आधारित डाॅ. सुनील जोगी द्वारा लिखित कविता को पढ़कर किया गया। मुख्य अतिथि कृष्णा देवी ने कहा कि मां भगवान द्वारा रची हुई एक ऐसी रचना है जिसका कोई सानी नहीं है। मां जीवन की वह मूर्ति है कि व्यक्ति के मां शब्द से ही अभिभूति छलकती है। ऊषा चावला ने बच्चों में पाए जाने वाली रचनात्मकता का श्रेय माता को दिया और कहा कि मां बच्चों की भावनाओं को समझते हुए उनके जीवन को सही दिशा प्रदान करती हैं। प्राचार्य शीला दहिया ने कहा कि वह बच्चों को सृजनात्मक के तौर पर संस्कारी बनाने पर बल दें ताकि हमारी संस्कृति व सभ्यता बनी रहे।