प्रदेशभर में तीसरा स्थान हासिल करने पर निशु सम्मानित
नरवाना | हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में आरोही मॉडल स्कूल घासो की छात्रा रूबी पुत्री ज्ञानपाल ने कॉमर्स संकाय में 93 प्रतिशत अंक लिए हैं। प्राचार्य डाॅ. विशाल अग्रवाल ने बताया कि स्कूल का परीक्षा परिणाम 97.7 प्रतिशत रहा। स्कूल के 47 विद्यार्थियों में से 31 बच्चों ने मेरिट व 14 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में अपनी जगह बनाई। रूबी ने कला वाणिज्य संकाय में 500 में से 465 अंक लेकर विद्यालय में प्रथम, विज्ञान संकाय में 500 में से कला संकाय में मानसी ने 500 में से 464 अंक लेकर द्वितीय व तृतीय स्थान अर्पण ने विज्ञान संकाय में 500 में से 455 अंक लेकर प्राप्त किया।
राजकीय कन्या स्कूल नरवाना की 83 छात्राओं में से 31 ने प्राप्त की मेरिट
नरवाना| 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना की 83 छात्राओं में से 31 छात्राओं ने मेरिट सूची में जगह बनाई है। वहीं 40 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की है। प्राचार्य हिमानी शर्मा ने बताया कि स्कूल की वार्षिक परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। प्राचार्य ने बताया कि स्कूल की छात्रा नेहा व पारूल ने 93 व 92 प्रतिशत अंत प्राप्त किए। गृहविज्ञान संतोष व मनोविज्ञान विषय में छात्रा नेहा ने 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। बेहतर परीक्षा परिणाम आने के अवसर पर स्कूल में अव्वल रही छात्राओं को स्टाफ द्वारा सम्मानित कि या गया। इस मौके पर विद्यालय का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।
आर्य स्कूल के दो छात्रों ने प्रदेश में पाया उत्कृष्ट स्थान
नरवाना| आर्य वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के कॉमर्स संकाय के छात्र तुषार पुत्र अनिल गर्ग व तुषार पुत्र ओम प्रकाश ने हरियाणा में द्वितीय व चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। छात्रों को फूल माला पहनाकर खुली जीप में ढोल-नगाड़ों के साथ पूरे शहर में उत्सव मनाते हुए गए तथा आमजन के साथ अपनी खुशियों को सांझा किया। उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधक समिति के प्रधान अनिल आर्य, प्रबंधक विवेक आर्य, कोषाध्यक्ष आमोद कुमार, आर्य समाज के प्रधान इंद्रजीत आर्य, पूर्व प्रधान नरेश चंद्र, मंत्री विजय कुमार व कोषाध्यक्ष अश्विनी आर्य ने छात्रों को बधाई दी।
माचिस की तीलियों से बनाए सुंदर-सुंदर खिलौने
उचाना| गीता विद्या मंदिर स्कूल उचाना मंडी में प्रतिभा खोज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने माचिस की तिलियों से सुंदर-सुंदर खिलौने बनाए। स्कूल प्रबंधक कमेटी सचिव आरके गोयल, प्राचार्य सविता सिंगला ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों को कुछ नया करने की मन में इच्छा रहती है। विद्यार्थियों ने बेंच, कुर्सी, मेज सहित विभिन्न खिलौने तैयार किए। विभिन्न तरह के व्यंजन भी छात्राओं द्वारा बनाए गए।
‘नानी मां ने तोता पाला’ गीत पर बच्चों ने दी प्रस्तुति
जींद| आधारशिला पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्राइमरी कक्षा के छात्रों के लिए यूनिक परफॉर्मर्स का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर हरियाणा एग्रीकल्चर विभाग के अधिकारी नवीन दहिया व रजनी और विशिष्ट अतिथि के रूप में पंचायत अधिकारी राकेश व सुमन ने शिरकत की। इस दौरान नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी के छात्रों ने अलग-अलग रंगारंग प्रस्तुतियां दी। जिनमें कविता सुनाना, नृत्य पेश किए। बच्चों द्वारा कच्चे बच्चे, नानी मां ने तोता पाला गीत पर की गई प्रस्तुति काफी सराहनीय रही। अंत में मुख्य अतिथि, निदेशिका अंजू सिहाग व प्राचार्य केके भार्गव ने विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।