सीआरएसयू के दीनदयाल उपाध्याय केंद्र की ओर से अनूपगढ़ के सरकारी स्कूल में शनिवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में वीसी प्रो. आरबी सोलंकी ने शिरकत की। इस दौरान उन्होंने गांव के पंचायत घर, स्टेडियम की जानकारी ली।
स्टेडियम में प्रो. सोलंकी ने खिलाड़ियों से मुलाकात की। सोलंकी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थाएं जैसे यूनिवर्सिटी, कॉलेज, स्कूल आदि समाज का हिस्सा हैं और अपनी मुख्य जिम्मेदारी के साथ-साथ समाज के प्रति भी उत्तरदायी हैं। प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान को सामाजिक उत्तरदायित्व का भी ध्यान रखना चाहिए। इससे समाज के साथ देश का विकास होगा और शिक्षित समाज का निर्माण करेगा। प्रत्येक ग्रामीण की जिम्मेदारी है कि गांव की देखरेख करना। जब सभी ग्रामीण मिलकर काम करेंगे एवं इस विचार के साथ काम करेंगे तो गांव का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि माता-पिता एवं अध्यापकों को बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को बाहर लाना है, इसके लिए विद्यार्थियों के साथ मिलकर कार्य करना होगा। आठवीं कक्षा तक विद्यार्थी की प्रतिभा के बारे में पता चल जाता है कि इसका जीवन किस तरह बेहतर किया जा सकता है। इन्हीं बच्चों में भविष्य के अच्छे वैज्ञानिक, डॉक्टर, इंजीनियर, प्राध्यापक बनेंगे जो बेहतर देश का निर्माण करेंगे। अध्यापकों की जिम्मेदारी अहम है वे स्कूल में जिन विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं वो विद्यार्थी आगे चलकर बेहतर देश का निर्माण करेंगे। अंत में छात्राओं ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर हरियाणवी गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान कर्नल डीएस देशवाल व अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे।