पिल्लूखेड़ा. बिजली समस्या को लेकर जामनी चौक पर जाम लगाते कॉलोनीवासी। फोटो | भास्कर
भास्कर न्यूज | पिल्लूखेड़ा
शनिवार को कालवा कॉलोनी के लोगों ने बिजली की समस्या को लेकर जामनी चौक पर जाम लगा दिया। यह जाम लगभग आधा घंटे लगा रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी समरजीत सिंह और जींद के बिजली अधिकारियों ने लोगों को उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया। कालवा काॅलोनीवासियों का कहना था कि उनकी काॅलोनी के ट्रांसफार्मर को जले हुए कई दिन हो चुके हैं, जिससे बिजली की समस्या के कारण गर्मी में जीना मुश्किल हो गया है। शनिवार को लोगों के सब्र का बांध टूट गया और लोग ट्रैक्टर-ट्राॅली में सवार होकर खेड़ी तलौड़ा के पावर हाउस में पहुंचे। वहां पर बिजली कर्मचारी के न होने के कारण उन्होंने जामनी चौक पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर थाना प्रभारी समरजीत सिंह और जींद से बिजली अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन देकर जाम को खुलवा दिया।