कुशल प्रशिक्षित शिक्षक बनने का स्वर्णिम अवसर है, लाभ उठाए : डॉ. सक्सेना
अवसर हमारे सामने होता है पर हम पहचान नहीं पाते हैं। आने वाले अवसर को पहचाने और अपनाने का प्रयास करें। अप्रशिक्षित शिक्षकों के लिए सरकार द्वारा दिया गया अच्छा अवसर है। कुशल प्रशिक्षित शिक्षक बनने का स्वर्णिम अवसर है, लाभ उठाएं।
यह बात शिक्षाविद व सेवानिवृत्त बीईओ डाॅ. शिवनारायण सक्सेना ने अध्ययन केंद्र शासकीय उत्कृष्ट उमावि जोबट में प्रथम वर्ष संपर्क कार्यक्रम के समापन पर कही। अध्यक्षता अध्ययन केंद्र की प्राचार्य प्रीतम पाॅल ने की। गौरतलब है कि संचालक राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अनुसार सेवारत अप्रशिक्षित शिक्षकों के व्यवसायिक योग्यता प्राप्त करने की अवधि मार्च 2019 होने से एनआईओएस ने डीएलएड पाठ्यक्रम निर्धारित कर प्राथमिक शिक्षा, सामाजिक सांस्कृतिक परिवेश में प्रावि में शिक्षा प्रक्रियाएं, प्रारंभिक स्तर पर भाषा अधिगम, गणित अधिगम, पर्यावरण अधिगम, विद्यालय आधारित गतिविधियों जैसी अवधारणाओं का प्रशिक्षण मेंटर्स रामकिशोर सिंह तोमर व्याख्याता, वरिष्ठ अध्यापक अरविंद बघेल, संदीप खत्री, वैभव दुबे, मधुबाला शर्मा, महेंद्र निंगवाल ने प्रति शनिवार व रविवार को आयोजित कक्षाओं में दिया था। अतिथियों का स्वागत छात्राध्यापक परमानंद साहू व दुषमंत साहू ने किया। सरस्वती वंदना प्रेरणा शर्मा व सुकमा बघेल ने प्रस्तुत की। साधना वैरागी और सुनीता सोनी ने हिम्मत से काम लेंगे, घबराना कैसा, सुखदुख जीवन में आते-जाते हैं प्रेरणा गीत प्रस्तुत किया। छात्राध्यापक आसमा मनिहार और अक्षय मलिक ने प्रशिक्षण के अनुभव बताए। संचालन अर्पणा गोराना व आभार रामसिंह चौहान ने माना।
अध्ययन केंद्र शासकीय उत्कृष्ट उमावि जोबट में हुए प्रशिक्षण में मौजूद छात्राध्यापक।