पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बैठक में सांसद बोले जिले में खदानें बंद तो रोज रेत के 100 ट्रक कैसे गुजर रहे, कलेक्टर ने कहा इसमें कुछ गलत नहीं

बैठक में सांसद बोले - जिले में खदानें बंद तो रोज रेत के 100 ट्रक कैसे गुजर रहे, कलेक्टर ने कहा- इसमें कुछ गलत नहीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर

जिले की रेत खदानें बंद है, उनमें रेत ही नहीं है इसके बावजूद भी रोजाना करीब 100 ट्रक रेत जिले से गुजर रही है। ये रेत किस आधार से आ रही है। ये बात जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद कांतिलाल भूरिया ने कही। जिस पर जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष महेश पटेल ने जानकारी दी कि ये रेत गुजरात से परिवहन कर लाई जा रही है और रायल्टी एमपी की बनाई जा रही है। गुजरात सरकार ने कुछ दिन पहले 4 पोकलेन और 12 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर 50 लाख का जुर्माना भी लगाया। इधर, सांसद के सवाल पर कलेक्टर गणेश शंकर मिश्रा बोले इसमें कुछ गलत नहीं है, हम सीमित संसाधन में भी कार्रवाई कर रहे हैं। दूसरे जिलों के मुकाबले हमने अधिक कार्रवाई की है। सरकार के राजस्व में हानि नहीं हो रही है। गुजरात राज्य एक्शन नहीं ले रहा था, इस कारण रेत परिवहन हो रहा है जिस पर सांसद भूरिया ने कहा ये खनिज विभाग की मिलीभगत से हो रहा है। इस पर रोक लगनी चाहिए।

बैठक में विधायक नागरसिंह चौहान ने बताया कि रिश्वत नहीं मिलने के कारण ग्राम खंडाला के एक व्यक्ति काे मिलने वाले रेलवे मुआवजे के 2 लाख रुपए का भुगतान पटवारी ने बैंक में लिखित रूप से पत्र भेजकर रुकवा दिया। जबकि 9 लाख रुपए में से 7 लाख रुपए उस व्यक्ति के खाते में पहुंच चुके हैं। शेष 2 लाख रुपए की राशि रिश्वत की मांग पूरी नहीं होने पर रुकवा दी गई। जब मैंने पटवारी को बुलाकर इस बारे में पूछा तो उसने एसडीएम के कहने पर ऐसा करना बताया।

उमराली रोड पर सब स्टेशन के लिए बना रहे हैं नक्शा : बैठक में रेलवे के ईई एमके पटेल ने बताया कि आलीराजपुर के दशहरा मैदान के समीप रेलवे के सब स्टेशन के लिए नक्शा बना रहे हैं। अभी बनी हुई बिल्डिंग को ही रेलवे प्लेटफार्म के रूप में तब्दील कर देंगे। जुलाई अंत तक आलीराजपुर में रेल परिवहन की टेस्टिंग हो जाएगी। मार्च 2019 तक जोबट पहुंचाने का टारगेट है।

घरेलू गैस सिलेंडर जब्त होने की जानकारी अधिकारी को नहीं

बैठक में कांग्रेस नेता पटेल ने सोना सोया मिल्क प्लांट पर खाद्य और औषधि विभाग द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में पूछा और कहा कि वहां से चार-पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त हुए हैं। इस पर सहायक खाद्य आपूर्ति अधिकारी एचएस मुवैल ने कहा इसकी जानकारी नहीं मुझे नहीं है।

बैठक में सांसद को रेलवे लाइन निर्माण की जानकारी देते ईई पटेल।

बैठक में खरीदी घोटाले का मामला गरमाया

बैठक में सदस्यों ने स्वास्थ्य विभाग में तत्कालीन सीएमएचओ प्रभाकर ननावरे के कार्यकाल में 82 लाख के फर्नीचर व अन्य सामग्री खरीदी के घोटाले में कार्रवाई नहीं करने का मामला उठाया। जिस पर कलेक्टर मिश्रा व सीएमएचओ प्रकाश ढोके ने कहा मामला कोर्ट, लोकायुक्त व कमिश्नर में जांच चल रही है। माधोसिंह डावर ने भी सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मुद्दे उठाएं। सांसद ने जिले के विभिन्न मार्गों एवं पुलियाओं का निर्माण बारिश से पहले पूर्ण कराने, अवैध रेत परिवहन पर कड़ी कार्रवाई, जल संसाधन व खाद्य विभाग की समीक्षा की। गुजरात माॅडल पर पेयजल वितरण की व्यवस्था, खाद, बीज और दवाओं की उपलब्धता, बड़ी सर्दी में मिल्क कलेक्शन रूट प्रारंभ करने के निर्देश दिए।

डीजे से आदिवासी संस्कृति खत्म हो रही : महेश पटेल ने कहा आदिवासी समाज में डीजे के बढ़ते प्रचलन से संस्कृति खत्म हो रही है। इसे बंद कर परंपरागत ढोल-मांदल को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। सांसद व अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा इसके लिए समाज की बैठक करे और समाज की पहल व प्रशासन की कार्रवाई से डीजे के प्रचलन को बंद करें। बैठक में एसपी विपुल श्रीवास्तव, जिला पंचायत सीईओ एमएल त्यागी आदि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...