किराए में बढ़ोतरी की मांग के लिए 21 से होगी यात्री बसों की हड़ताल
भास्कर संवाददाता | आलीराजपुर
यात्री बसों में 40 फीसद किराया बढ़ोतरी की मांग को लेकर 21 मई से यात्री बसों की हड़ताल की घोषणा की गई हैं। यदि किराया बढ़ोतरी शासन नहीं करता है तो बस मालिक अनिश्चितकालीन हड़ताल भी करेंगे। ये निर्णय जिला बस मालिक एसोसिएशन की बैठक में लिया गया। बैठक में संभागीय एसोसिएशन से चार प्रतिनिधि मंगलवार को पहुंचे और स्थानीय बस मालिकों से चर्चा की।
एसोसिएशन सचिव आशुतोष पंचोली ने बताया कि इंदौर से प्राइम रूट बस ऑपरेटर संघ प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा, धार से नरेंद्रसिंह बुंदेला, आलोक शर्मा व जाकिर हुसैन आलीराजपुर पहुंचे और जिले के बस मालिकों से चर्चा की। बैठक में उन्होंने बताया कि परिवहन आयुक्त एवं प्रमुख सचिव परिवहन के आश्वासन के बाद भी बसों का 40 फीसद किराया नहीं बढ़ाया गया है। शासन द्वारा वर्ष 2014 के बाद बसों के किराए में संशोधन नहीं करने एवं 40 फीसद किराया बढ़ोतरी की मांग पर 21 मई से अनिश्चितकालीन बसों की हड़ताल रखी जा रही है। वर्ष 2014 में जब किराया घटाया था तब डीजल का दाम 53 रुपए प्रति लीटर था। अब डीजल के दाम 71 रुपए से अधिक हो चुके हैं। डीजल के बढ़ते दाम एवं अन्य संसाधनों के बढ़ते दामों ने प्रदेश के बस मालिकों को आर्थिक संकट में डाल दिया हैं। यदि शासन 21 मई तक 40 फीसद किराया बढ़ोतरी की घोषणा कर इसे किराया सूची के माध्यम से लागू नहीं करता है तो सभी बसों का संचालन 21 मई सोमवार को सुबह 6 बजे से बंद हो जाएगा। बसों के संचालन बंद होने से होने वाली अव्यवस्था एवं यात्रियों को होने वाली परेशानी की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन की होगी।
जिलाध्यक्ष पर्वतसिंह राठौर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिले के सभी बस मालिक संभागीय एसोसिएशन के निर्णय के साथ है और हड़ताल को सफल बनाने में पूरा सहयोग करेंगे। आभार जिला उपाध्यक्ष राजेश राठौड़ ने माना। बैठक में बस मालिक रितेश डावर, अविनाश जोशी, अशोक शर्मा छाबड़ा, लाला जोशी, पीयूष तंवर, रमेशचंद्र जैन बोरी, विकास माहेश्वरी आम्बुआ, शुभम श्रीवास्तव आम्बुआ, नुरु भाई जोबट आदि उपस्थित थे।
आलीराजपुर में बस मालिकों की बैठक में उपस्थित प्रतिनिधि मंडल व जिले के बस आपरेटर।