बिजली चोरी के लिए ट्रांसफॉर्मर पर युवक को चढ़ाया, करंट से मौत
बिजली कनेक्शन कट जाने के बाद एक निजी विद्यालय के प्रशासन ने चोरी से बिजली लेने के चक्कर में युवक की जान ले ली और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी दूदू, वृत्ताधिकारी हीरालाल सैनी, जोबनेर थाना अधिकारी ब्रजेन्द्र सिंह राठौड़ मय जाब्ते के मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को न्याय दिलवाने का विश्वास देते हुए लोगों को समाझाइश कर मामला शांत करवाया।
शुक्रवार रात लगभग 9 बजे बिजली बोर्ड से शटडाउन लेने की बात कहकर बोबास गोशाला के सामने संचालित एमजी स्कूल मालिक ने बोबास के महेन्द्र कुमावत (19) पुत्र रामेश्वर कुमावत को कनेक्शन करने के लिए ट्रांसफार्मर पर चढ़ा दिया। ट्रांसफार्मर पर चढ़कर युवक ने काम शुरू ही किया था कि उसे बिजली का झटका लगा। करंट लगते ही युवक ट्रांसफार्मर से नीचे आ गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
बोबास में धरने पर बैठे ग्रामीण
बिजली निगम ने कनेक्शन काटा : ग्रामीणों का आरोप था कि बिजली निगम ने विद्यालय का कनेक्शन काट दिया था। उसके बाद विद्यालय प्रशासन ने चोरी-छिपे बिजली कनेक्शन लेने के लिए महेंद्र कुमावत को राजी किया। आरोप है कि स्कूल मालिक ने विद्यालय के पास लगे ट्रांसफार्मर से बिजली लेने की सोची। उसने महेंद्र को ट्रांसफर पर चढ़ा दिया।
मौत की खबर सुन अस्पताल से हो गए फरार : ट्रांसफार्मर से गिरने के बाद स्कूल मालिक व स्कूल के चौकीदार युवक को अस्पताल ले गए। डॉक्टरों के मुंह से जैसे ही उन्होंने युवक की मौत की सूचना मिली वे मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ स्कूल पहुंच गई और स्कूल मालिक के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। हंगामा होते ही पुलिस मौके पर पहुंची।