परशुराम जयंती स्वच्छता दिवस के रूप में मनाने के आदेश
राज्य सरकार ने 18 अप्रैल को परशुराम जयंती पर ऐच्छिक अवकाश के स्थान पर राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। वर्ष 2018 कैलेंडर के घोषित अवकाशों की सूची में आंशिक संशोधन करते हुए परशुराम जयंती के उपलक्ष्य में पूर्व में 18 अप्रैल को घोषित ऐच्छिक अवकाश के स्थान पर संपूर्ण राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इसके बावजूद अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद जयपुर तथा कार्यालय पंचायत समिति जालसू ने ग्राम स्वराज अभियान के अन्तर्गत 18 अप्रेल को परशुराम जयंती पर स्वच्छ भारत दिवस मनाने का आदेश जारी किया है। इसमें लिखा है कि प्रात: 5 से 6.30 बजे तक मॉर्निंग फालोअप, प्रात: 7 से 8 बजे तक प्रभात फेरी, 8 से 9 बजे तक श्रमदान, 9 से 10 बजे तक स्वच्छता रैली, 11.30 से दोपहर 2 बजे तक स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम, दोपहर 3 बजे से स्वच्छता प्रतियोगिता तथा सायं 5 बजे सम्मान समारोह आयोजन करने के आदेश जारी किए गए हैं। ऐसे में सभी ग्राम पंचायतों के कलेस्टर प्रभारी असमंजस की स्थिति में हैं।
11 अग्निकुण्डों के बीच बैठकर 41 दिनों के लिए अग्नि तपस्या शुरू
हिरनोदा |ग्राम ढींढा के रेलवे स्टेशन के समीप स्थित सर्वेश्वर महादेव मंदिर परिसर के बाहर मंगलवार को उदासीन संत महावीरदास महाराज ने 11 अग्नि कुंडों के बीच बैठकर तपस्या शुरू की। मंगलवार को पूजन व महाआरती के बाद ग्रामीणों व साधु-संतों ने शिव मंदिर से महाराजश्री को लाकर कुंडों के बीच बैठाया। महाराज भारत देश व प्रदेश में उन्नति व भाईचारे की भावना बनाए रखने को लेकर 41 दिनों तक प्रत्येक दिन प्रात: 11 से दोपहर 3 बजे तक 11 अग्नि कुंडों के बीच बैठकर तपस्या करेंगे। इस मौके पर सर्वेश्वर महादेव मंदिर समिति के अध्यक्ष श्रीनारायण कण्डेरिया, हनुमान वर्मा, घीसालाल सैन, लादूराम, रामदेव, ओमप्रकाश शर्मा, मोहनलाल, बोदूराम व समिति के सदस्य व ग्रामीण मौजूद थे। इस मौके पर 11 कुंडों की अग्नि तपस्या स्थल पर ग्रामीणों ने परिक्रमा कर महाराज से आशिर्वाद लिया।
नागरिक अधिकार मंच की सभा
फुलेरा |कस्बे के जोबनेर रोड स्थित नागरिक अधिकार मंच कार्यालय में नागरिक अधिकार मंच की सभा का आयोजन जिला अध्यक्ष सत्यनारायण सैनी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। विशिष्ट अतिथि बंशीलाल जाट थे। सभा की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष राजकुमार देवाल ने की। जिसमें ब्लाॅक कार्यकारिणी के गठन पर विचार विमर्श किया गया। जिलाध्यक्ष सत्यनारायण सैनी ने सभा में सभी पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत करने व नए सदस्य संगठन में जोड़ने के निर्देश दिए। सभा में सुरेश सैनी, मूलचंद चौधरी, विजय कुमार प्रजापत, विनोद कुमावत, राजकुमार नागा, ताराचंद गेहनोलिया, बजरंग लाल शर्मा, प्रभुदयाल प्रजापत सहित बहुत से कार्यकर्ता मौजूद थे।