कस्बे नगरपालिका में शनिवार को 13 माह से कानूनी लड़ाई लड़ हाई कोर्ट से मिली राहत पर शनिवार को नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद जाजोरिया ने दोपहर बाद विधिवत पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने से भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर रही। पालिका कार्यालय में विधिवत भगवान गणेश की पूजा अर्चना के साथ पालिका अध्यक्ष ने आरती की आैर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष का लोगों ने साफा बंधवाकर व माल्यार्पण कर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण करने पर पालिका कर्मचारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी देखने को मिली। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष ज्ञानचंद जाजोरिया ने कहा कि सच्चाई की जीत होती है, विपक्ष के लोगों द्वारा कोर्ट में रिट लगाकर अवरोध पैदा किए जाने पर हुई परेशानी के दौरान भाजपा पदाधिकारियों सहित उद्योग मंत्री व विधायक राजपाल सिंह शेखावत द्वारा दिए सहयोग पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि कस्बे में करोड़ों रुपए के चल रहे विकास कार्यों को गति देकर शीघ्र पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा तथा आमजन के रूके कार्यों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने आमजन को निष्पक्ष कार्य करने में सहयोग करने का संदेश दिया।
पिछले वर्ष 28 मार्च को नगरपालिका अध्यक्ष के खिलाफ विपक्ष पार्टी द्वारा पद का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर में रिट दायर की थी। 13 माह तक चली कानूनी कार्रवाई के बाद आखिर कोर्ट ने आरोपों को गलत बाते हुए खारिज कर दिया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ओम सेानी, पार्षद विष्णु पारीक, महामंत्री सुरेन्द्र प्रजापति, अमित प्रजापत, हंसराज ओमी, विक्रमसिंह, पवन बोरा, सोहन शर्मा, शिंभू पारीक, विनोद आसीवाल, रहीश मोहम्मद, चांद खां, शंकर सोनी सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।
5 करोड़ के कार्यों से कस्बे का होगा चहुंमुखी विकास : नगरपालिका अध्यक्ष जाजोरिया ने पदभार ग्रहण करते हुए कहा कि पालिका क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विभिन्न योजनाओं के तहत चल रहे विकास कार्यों को गति देते हुए शीघ्र ही पूरे किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 25 लाख रुपए की लागत से अग्निशमन केन्द्र भवन का निर्माण, 24 लाख रुपए की लागत से वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम निर्माण, 4 करोड़ रुपए की लागत से हर वार्ड में सीसी सड़क का निर्माण, 48 लाख रुपए की लागत से अम्बेडकर भवन का निर्माण तथा कस्बे में आमजन के लिए 30-30 लाख रुपए के दो सुलभ कॉम्प्लेक्स का निर्माण होंगे।