सामोद | क्षेत्र की मस्जिदों में रविवार को अकीदतमंदों ने उत्साह के साथ रमजान माह की नमाज अदा की। मुस्लिम समाज के लोगों ने देश में अमन चैन, खुशहाली, भाईचारे के साथ ही अच्छी बरसात के लिए दुआ की। रोजे पर उठकर नित्यकर्म से निबट कर रोजेदारों ने सहरी खत्म की। रमजान माह शुरू होते ही बाजारों में फल के दाम भी दोगुने हो गए। रोजे को लेकर बच्चे, बुजुर्ग में भारी गर्मी के बावजूद उत्साह रहा। ग्रामीण शांति समिति सदस्य कयूम मंसूरी ने बताया कि रहमत और बरकत के नजरिए से रमजान के महीने को अपने बंदों पर रहमतों की बरसात करता है। रोजा रखना इंसान को गुनाहों से दूर करता है। इस मौके पर सामोद क्षेत्र में 5 वर्ष की खदीजा, फातिमा, आलिया आदि ने क्षेत्र में खुशहाली व बरसात की कामना के साथ रोजे रखे हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक
हिरनोदा | कांग्रेस इकाई झरना के कार्यकर्ताओं की रविवार को इकाई अध्यक्ष लक्ष्मण यादव की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस में संगठन को मजबूत बनाने पर चर्चा की गई तथा वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर ग्राम की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। बैठक में बूथ स्तर पर युवाओं के साथ ही संगठन के पुराने कार्यकर्ताओं को जोड़ने पर जोर दिया गया।
चिकित्सा शिविर में 142 मरीजों की जांच
जोबनेर | कस्बे में रेनवाल रोड पर स्थित सालासर मेडिकल हाल में रविवार को आमजन के सहयोगार्थ आयोजित चिकित्सा जांच एवं परामर्श शिविर में काफी लोगों ने जांच कराई। शिविर का शुभारंभ पार्षद मुकेश सोनी व सत्यनारायण प्राजपत ने किया। चिकित्सक टीम का स्वागत किया। आशीष सोनी ने बताया कि शिविर में एसएमएस मेडिकल चिकित्सलय के सहायक आचार्य डॉ. रामकेश सिंह व उनकी टीम ने 142 लोगों की जांच कर चिकित्सीय परामर्श दिया। इसमें हार्टअटेक, डायबटीज, थायराईड, हिमोग्लोबिन, न्यूरोपेथी, अस्थमा, एलर्जी, हृदय रोगों की निशुल्क जांच कर उचित परामर्श देकर लोगों को जागरूक किया। कम्प्यूटर द्वारा फेफडों की जांच, न्यूरोथिरेपी, ईसीसीजी से भी जांच की गई। समाज सेवा से जुडे़ कार्यकताओं ने सहयोग किया।
बलाई महासभा ब्लॉक सांभर की बैठक
जोबनेर | कस्बे में रविवार को गरीब साहेब छात्रावास में बलाई समाज महासभा सांभर की कार्यकारिणी सदस्यों की बलाई महासभा अध्यक्ष जग्गाराम वार्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। समाज विकास के साथ समाज की प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए किए जाने वाले प्रयासों की चर्चा की। समाज के लोगों ने राजनीतिक स्तर पर मजबूत किए जाने पर भी जोर देते हुए समाज के युवाओं को शिक्षा व सामाजिक सुधार के लिए जागरूक करने को कहा। समाज के लोगों ने मोहन लाल वर्मा को महासभा संरक्षक नियुक्त किया। हरीराम पाटोदिया, रामलाल गुरवा, एडवोकेट नरेन्द्र वर्मा, पोखरमल भामणिया, रामकरण तुन्दवाल, बिरदीचंद वर्मा, कमल खरडिया, विनोद कुमार रलावता ने भी सम्बोधित करते हुए समाज को एमजुट होकर समाज सुधार की और बढ़ने का संदेश दिया। संगठन की आगामी बैठक 3 जून को फुलेरा में तय की गई।
आयुर्वेद चिकित्सक ने कार्यभार संभाला
सांभरलेक ग्रामीण | ग्राम पंचायत खंडेल में चिकित्सा सेवाओं के लिए ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने 7 माह से रिक्त चल रहे आयुर्वेद चिकित्सक के पद पर चिकित्सक की नियुक्त करवा कर ग्रामीणों को राहत दी है। ग्रामीणों ने बताया कि 7 माह से वैद्य ऋचा तिवाडी़ के उच्च अध्ययन पर चले जाने से ग्राम पंचायत खंडेल में राजकीय आयुर्वेद औषधालय में आयुर्वेद चिकित्सक का पद रिक्त चल रहा था। आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी के पद पर वेद रामप्रकाश शर्मा ने कार्यभार संभाल लिया।
बिमलपुरा में किसानों की बैठक
शिवदासपुरा | ग्राम बिमलपुरा में सहकारी समिति अध्यक्ष राम सिंह राजावत की अध्यक्षता में किसान बैठक हुई। इसमें ग्राम बीलवा, गोनेर, मथूरावाला, रामपुरा सहित कई गांवों के किसानों ने भाग लिया। अध्यक्ष राजावत के द्वारा किसानों को खाद-बीज एवं खेती से संबंधित जानकारी दी।
विधायक ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
सामोद | ग्राम पंचायत सामोद पंचायत भवन के पास विधायक रामलाल शर्मा ने शनिवार को रात्रि प्रवास में चौपाल के दौरान लोगों की प्राथमिकता से समस्याएं सुनी। विधायक के सामने खुले दरबार में सैकड़ों ग्रामीणों के बीच करीब दर्जनों समस्याएं आई। इनमें अधिकांश समस्याओं का निदान मौके पर ही कर दिया गया। अन्य समस्याओं के निदान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। खुले दरबार में पेंशन, लाइटों, बिजली समस्या, तारों के मकड़ जाल, पीने के पानी की समस्या सामने आई। फल सब्जी मंडी अध्यक्ष दिनेश गौरा, राजेंद्र सैनी, सुरेश मल्होत्रा, अशोक योगी, बल्लूराम सैनी, राहुल शर्मा, सुरेश चौधरी, अनमोल अग्रवाल, कैलाश चौधरी आदि मौजूद थे।
26 मई को सफाई कार्य का बहिष्कार
नरैना | कस्बे के वाल्मीकि समाज के सदस्यों की रविवार शाम को बस्ती में बैठक हुई जिसमें सफाई कार्य में अन्य समाजों के आवेदन करने के विरोध में सफाई कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय किया। सरपंच महेंद्र कुमार ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा सफाई कर्मचारियों की भर्ती में अन्य समाजों के अावेेदन लेने के विरोध में सफाई कर्मचारियों ने 26 मई को राजस्थान में सफाई कार्यों का बहिष्कार करने के निर्णय के समर्थन में नरैना वाल्मीकि समाज भी सफाई कार्य का बहिष्कार करने का निर्णय किया। कहा कि वाल्मीकि समाज के पुश्तैनी कार्य में अन्य समाजों द्वारा हस्तक्षेप करने से समाज के युवा बेरोजगार हो जाएंगे। यह समाज हमेशा आर्थिक रूप से पिछडा़ रहा है। इस दौरान बस्ती के सदस्य सुरेश कलोसिया, अनिल सारसर, राजेश सारसर, सूरजमल जाजोटर, शंकर धोल, रणजीत सारसर आदि उपस्थित थे।