बजरी के लिए नगर निगम माइनिंग से शॉर्ट टर्म परमिट इश्यू करवाएगा
महापौर ने 75-75 लाख के विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया दस दिन में पूरी कर कार्यादेश जारी करने को कहा
जोधपुर | बजरी के कारण लंबे समय से विकास कार्य अटकने के चलते अब नगर निगम संबंधित ठेका फर्मों को बजरी के लिए माइनिंग से शॉर्ट टर्म परमिट इश्यू करवाएगा। महापौर वार्डों में बजरी के बिना विकास कार्य नहीं होने से खासे चिंतित नजर आ रहे हैं। उन्होंने सोमवार को वार्डों में विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान तकनीकी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ठेकेदारों को शॉर्ट टर्म परमिट इश्यू करवाएं, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याआें से राहत मिल सके। उन्होंने तकनीकी विंग को सभी 65 वार्डों में प्रस्तावित 75-75 लाख के विकास कार्यों की टेंडर प्रक्रिया को 10 दिन के भीतर पूरी कर कार्यादेश जारी करने को कहा। साथ ही कहा कि जहां 25-25 लाख के विकास कार्य चल रहे हैं, वहां गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जाए। महापौर ने बताया कि बजरी पर रोक के चलते कार्य पूरे नहीं हो रहे थे, इसके लिए शाॅर्ट टर्म परमिट (एसटीपी) जारी करने का फैसला लेना पड़ा। उल्लेखनीय है कि बजरी के संकट से निपटने के लिए सरकार ने कोर्ट में शार्ट टर्म परमिट के जरिए सरकारी योजनाओं के लिए बजरी खनन की अनुमति मांगी थी। इसके तहत कार्यादेश की सत्यापित प्रतिलिपि माइनिंग विभाग को देनी होगी, इसके बाद संबंधित ठेकेदार खेत से बजरी लाकर काम कर सकेगा। बैठक में सभी तकनीकी अधिकारी उपस्थित थे।
15 दिन में पूरी करें बरसाती नालों की सफाई
इधर, आगामी मानसून सीजन को देखते हुए महापौर ने मुख्य सफाई निरीक्षकों की बैठक ली और शहर के सभी बरसाती नालों की सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर करने को कहा। सभी सीएसआई अपने-अपने जोन में स्थित बरसाती नालों की सफाई सुनिश्चित करें आैर 15 दिन के भीतर सफाई का काम पूरा करवाएं। अगर सफाई के लिए अतिरिक्त संसाधन या मैनपॉवर की जरूरत हो तो निगम वह भी उपलब्ध करवाएगा।