एम्स में मैराथन के साथ फायर सेफ्टी वीक शुरू, डॉक्टर्स व स्टूडेंट्स ने लगाई दौड़
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शनिवार को पहला फायर सेफ्टी वीक मैराथन दौड़ के साथ शुरू हुआ। इसमें मेडिकल स्टूडेंट्स और डॉक्टरों ने भाग लिया। सुबह करीब 6 बजे एम्स गेट नंबर 4 पर इंजीनियरिंग विंग और एम्स के आला अधिकारी मैराथन दौड़ के लिए एकत्रित हुए। मैराथन को एम्स के डिप्टी डायरेक्टर एनआर विश्नोई, एम्स अधीक्षक डॉ. अरविंद सिन्हा और सुपरिटेंडेंट इंजीनियर आरके जोशी ने झंडी दिखा रवाना किया। मैराथन के बाद एम्स परिसर में फायर सेफ्टी वीक के तहत ही इंफॉर्मेशन सेंटर फॉर फायर का उद्घाटन भी एम्स अधीक्षक और एम्स के डिप्टी डायरेक्टर द्वारा किया गया। इसमें फायर सेफ्टी से जुड़े सभी उपकरणों को प्रदर्शित किया गया है। फायर सुपरवाइजर चंदकांत शाह ने सभी को फायर उपकरणों की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को ओपीडी में आने वाले और भर्ती मरीजों के परिजनों के लिए पब्लिक लेक्चर होगा। इसमें फायर सेफ्टी उपकरणों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम में अधिशाषी अभियंता विद्युत पंकज सक्सेना, अधिशाषी अभियंता सिविल सुनील माथुर, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर शीतल जैन, इंजीनियर योगेश माथुर समेत एम्स के डॉक्टर और स्टूडेंट्स मौजूद थे।
एम्स में मैराथन के बाद सुपरिटेंडेंट व डिप्टी डायरेक्टर ने इंफॉर्मेंशन सेंटर का उद्घाटन किया।