प्रहरी ही मौजे में टेप से दो मोबाइल चिपका कर जेल में ले जा रहा था, पकड़ा गया
रविवार आधी रात बाद ड्यूटी शिफ्ट बदलने के दौरान आरएसी जाब्ते ने ली थी तलाशी
क्राइम रिपोर्टर | जोधपुर
सेंट्रल जेल में बंद बदमाशों द्वारा लगातार मोबाइल का उपयोग करने के बाद पिछले कई दिनों से सख्त हुए जेल प्रशासन और आरएसी की टीमों ने बंदियों व कैदियों के साथ-साथ कर्मचारियों की भी सघन तलाशी शुरू कर दी है। इस दौरान रविवार देर रात बाद ड्यूटी शिफ्ट बदलने के दौरान आरएसी की टीम ने एक जेल प्रहरी को ही दो मोबाइल ले जाते हुए पकड़ लिया। बाद में उसके खिलाफ रातानाडा थाने में केस दर्ज करवाया गया, तो पुलिस ने आरोपी जेल प्रहरी को गिरफ्तार कर लिया।
चौंकाने वाली बात तो यह है कि पिछले पांच-छह दिन में जेल प्रशासन व आरएसी की संयुक्त टीमों ने 15 मोबाइल बरामद किए थे। इस संबंध में रविवार को ही रातानाडा थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसके बावजूद कुछ जेल प्रहरी ही सेंट्रल जेल की सुरक्षा में सुराख कर रहे हैं। रातानाडा पुलिस ने बताया, कि जेल अधीक्षक की ओर से सेंट्रल जेल के प्रहरी सुरेश त्रिवेदी ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया गया, कि रविवार की रात सेंट्रल जेल के मुख्य द्वार के बाहर स्थित तलाशी कक्ष में 2 से 6 बजे तक आरएसी के हैड कांस्टेबल नारायणसिंह, कांस्टेबल गोरधनराम व महिला कांस्टेबल पवन कस्वां तलाशी गार्ड की ड्यूटी पर थी। आधी रात बाद करीब 2 बजे जेल गार्ड की ड्यूटी शिफ्ट चेंज हो रही थी। इस दौरान कांस्टेबल गोरधन ने ड्यूटी के लिए भीतर जाने वाले जेल प्रहरी महेंद्र कस्वां की सघनता से तलाशी लेते हुए उसके जूते उतरवाए। संदेह होने पर उसके मौजे भी उतरवाए तो भीतर पैर के पंजों के नीचे पॉलीथिन में पैक और काली टेप से चिपकाए हुए दो मोबाइल बरामद हुए। ये दोनों मोबाइल पॉलीथिन में पैक कर पहले खाकी टेप और फिर काली टेप लपेटकर पैक किए गए थे। इसकी जानकारी मिलने पर देर रात को ही जेल प्रशासन व आरएसी के अधिकारी भी यहां पहुंचे। बाद में रातानाडा पुलिस ने जेल प्रहरी महेंद्र के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि महेंद्र ये मोबाइल किसके कहने पर लाया था और किसे पहुंचाने वाला था। इससे पहले भी उसने कितने मोबाइल किन-किन बंदियों या कैदियों को पहुंचाए हैं।
एक दिन पहले ही दर्ज कराई थी 15 मोबाइल मिलने की एफआईआर
सेंट्रल जेल में मोबाइल को लेकर की जा रही सख्ती के तहत जेल प्रशासन और आरएसी की टीमें लगातार बैरकों व खुली जगहों की खुदाई कर तलाशी ले रही है। इस दौरान पिछले 5-6 दिन में ही अलग-अलग स्थानों पर 15 मोबाइल बरामद किए गए थे। इनमें 8 मोबाइल तो जमीन में प्लास्टिक में पैक करके छुपाए गए थे। इस संबंध में जेल अधीक्षक की ओर से रविवार को ही रातानाडा थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। इसकी एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे ही नहीं बीते थे, कि जेल का प्रहरी ही दो मोबाइल के साथ पकड़ा गया।