परिचित युवकों ने मवेशी तस्करों के साथ मिल की थी हत्या, सात आरोपी गिरफ्तार
जोधपुर | लूणी के राजौर की ढाणी निवासी एक बुजुर्ग की गत मंगलवार शाम को उन्हीं के साफे से गला घोंटकर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए लूणी पुलिस ने सात बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल के अनुसार बुजुर्ग के कुछ परिचित लड़कों ने ही मवेशी तस्करों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी (वेस्ट) समीर कुमार सिंह ने बताया कि 11 अप्रैल को लूणी थाने में राकेश कुमार ने केस दर्ज कराया था। इसमें बताया गया कि उसके ससुर राजौर की ढाणी निवासी पन्नाराम सरगरा (66) पर हमला कर किसी ने मारपीट करने के बाद उन्हीं के साफे से गला घोंटकर हत्या कर दी। इसकी जांच में जुटे कार्यवाहक एसीपी (बोरानाडा) निशांत भारद्वाज के साथ लूणी थानाधिकारी गजेंद्रसिंह व अन्य की टीम ने संदेह के आधार पर बकरों की खरीद-फरोख्त करने वाले व अन्य संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। कई दिनों की मशक्कत के बाद आखिरकार पुलिस टीम ने पुख्ता जानकारी के आधार पर सोमवार को रोहट के व्यापारियों का मोहल्ला निवासी अख्तर उर्फ अक्षय (19) पुत्र मेहबूब भाई कुरैशी, रोहट के खटीकों का मोहल्ला निवासी सोहेल (24) पुत्र मोहम्मद सदीक कुरैशी, मेड़ता के कुड़ाया निवासी मोइनुद्दीन (22) पुत्र इकबाल मोहम्मद कुरैशी, लूणी के इंद्रा कॉलोनी निवासी गोविंद सरगरा (23) पुत्र कालूराम, जितेंद्र उर्फ जीतू सरगरा (19) पुत्र रामाराम, कैलाश सरगरा (23) पुत्र रामाराम और लूणी के विष्णु नगर निवासी नरेंद्र उर्फ नरसिंग सरगरा (19) पुत्र हड़मान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इन बदमाशों से पूछताछ कर बुजुर्ग से लूटी गई बकरियां व बकरे बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस ने चरवाहे की हत्या के आरोप में सात बदमाशों को गिरफ्तार किया।