मंडलनाथ फांटा के निकट ट्रक की चपेट से घायल हुए बाइक सवार होमगार्ड की मौत
जोधपुर | शहर से मथानिया की ओर जा रहे होमगार्ड के एक जवान को शुक्रवार रात एक ट्रक ने चपेट में ले लिया। गंभीर हालत में उसे एमडीएमएच में भर्ती कराया गया था। जहां शनिवार रात को उसकी मौत हो गई। करवड़ पुलिस ने बताया कि मथानिया निवासी दिनेश (30) पुत्र झुमरराम ढोली शुक्रवार रात को मथानिया की तरफ जा रहा था। रास्ते में उसने बाइक में पेट्रोल भरवाया और मंडलनाथ फांटा की तरफ बढ़ा ही था, तभी पीछे से दइजर पुलिस लाइन की तरफ से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद ट्रक का चालक गाड़ी छोड़कर वहां से भाग गया।