सिर्जना दिवस: गुरुद्वारों में अखंड पाठ साहिब संपन्न
गुरुद्वारे में हुए शबद गुरबाणी के दौरान बड़ी संख्या में समाज की महिलाएं उपस्थित थीं।
जोधपुर | सिख समाज के 318वें सिर्जना दिवस पर शनिवार को विभिन्न गुरुद्वारों में अखंड पाठ साहिब के समापन पर सत्संग जत्थों के शबद कीर्तन से माहौल गुरुमय हो गया। आनंद सिनेमा के पास स्थित श्री गुरु सिंघ सभा में सुबह 9 बजे अखंड पाठ साहिब का समापन हुआ। इससे पहले सुबह 7.30 बजे मेडिकल कॉलेज के पास स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर में भाई गुरुविंदर सिंह ने गुरु मेरी पूजा गोबिंद, सोम सतगुरु मेरा धन-धन है जैसे शबद कीर्तन के साथ साध सत्संग को निहाल किया। स्त्री सत्संग जत्था की कीर्तन बीबी अमरजीत कौर छाबड़ा और कथावाचक ज्ञानी जयपालसिंह, ज्ञानी वीरसिंह व ज्ञानी गुरबचनसिंह ने कीर्तन व भाई दिलीपसिंह गंगानगर ने कथा वाचन किया। फिर गुरु का अटूट लंगर वरता गया। शाम 5.30 से रात्रि 9 बजे तक सुखमणि साहिब पाठ के साथ गुरुविंदर सिंह की ओर से अमृतमयी कीर्तन हुआ। भाई घनईया सेवा समिति की ओर से ठंडी छाछ की सेवा की गई। समाज के प्रवक्ता मनमोहन सिंह वालेचा ने बताया, कि कार्यक्रम में चेयरमैन हरजीतसिंह भूटानी, प्रधान दर्शनसिंह लोटे, सचिव कुलदीपसिंह सलूजा, प्रीतपालसिंह सोबती व अर्जुनसिंह बलदेव का सहयोग रहा।
आर्मी गुरुद्वारा में खालसा सिर्जना दिवस आज: आर्मी गुरुद्वारा में रविवार को खालसा सिर्जना दिवस मनाया जाएगा। इसमें रागी भाई जितेंद्रसिंह अमृतसर वाले कीर्तन करेंगे। 22 अप्रैल को कैंप गुरुद्वारा एयरफोर्स में सिजर्ना दिवस मनाया जाएगा।