टू-व्हीलर एजेंसी संचालक को पिस्टल दिखा 50 हजार लूटे
चार दिन बाद दर्ज कराया केस, हालात पर संदेह
जोधपुर | शहर के निकटवर्ती तिंवरी कस्बे में टू-व्हीलर एजेंसी चलाने वाले मंडोर इलाके के व्यवसायी को चार दिन पहले कुछ लोगों ने पिस्टल दिखाकर 50 हजार रुपए से भरा बैग लूट लिया।
मंडोर थानाधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में रहने वाले अनिल माली पुत्र ज्ञानसिंह की तिंवरी कस्बे में मोटरसाइकिल की एजेंसी है और वह रोजाना अपनी बाइक पर ही अपडाउन करता है। गत 10 अप्रैल की शाम को भी वह रोजाना की तरह तिंवरी से अपने घर लौट रहा था। मंडोर चौराहे के पास एक एसयूवी में सवार पांच-सात लोगों ने उसका रास्ता रोका और पिस्टल दिखाकर अनिल के पास रखा बैग लूट लिया। बैग में 50 हजार रुपए व कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। शनिवार को उसके चाचा राकेश गहलोत की ओर से मंडोर थाने में लूट का मामला दर्ज कराया गया। इसकी जांच एसआई प्रभुदयाल को सौंपी गई है। इस केस में नामजद राजीव उर्फ मुकेश पंवार, सुरेश चौधरी, राहुल परिहार, धीरज व महेंद्र सहित अन्य की तलाश की जा रही है। इस वारदात के संबंध में चार दिन बाद केस दर्ज कराने को लेकर भी पुलिस को हालात पर संदेह है।