अदालत: कल से बदलेगा हाईकोर्ट व अधीनस्थ अदालतों का समय
जोधपुर| राजस्थान हाईकोर्ट की मुख्य पीठ जोधपुर, जयपुर पीठ व प्रदेश के सभी अधीनस्थ अदालतों में सोमवार से सुनवाई का समय बदल जाएगा। यह व्यवस्था 1 जुलाई तक लागू रहेगी। गर्मियों को देखते हुए यह समय परिवर्तन किया गया है। इसकी फरवरी में ही अधिसूचना जारी कर दी गई थी। रजिस्ट्रार (प्रशासन) की ओर से जारी अधिसूचना के हाईकोर्ट में सुबह आठ बजे से मध्याह्न एक बजे तक सुनवाई होगी और साढ़े दस बजे से ग्यारह बजे तक लंच रहेगा। जबकि हाईकोर्ट के कार्यालय का समय सुबह साढ़े सात बजे से मध्याह्न एक बजे तक रहेगा। इसी तरह अधीनस्थ अदालतों में सुबह आठ बजे से मध्याह्न साढ़े बारह बजे तक सुनवाई होगी और अधीनस्थ अदालतों के कार्यालय का समय साढ़े सात बजे से मध्याह्न एक बजे तक रहेगा। अधीनस्थ अदालतों के पीठासीन अधिकारी सुबह साढ़े सात बजे से आठ बजे तक और मध्याह्न साढ़े बारह बजे से दोपहर एक बजे तक चैंबर्स में कार्य करेंगे।