जेडीए: आज भी खुलेगा, पीएम आवास योजना के आवेदन कल तक जमा होंगे
जोधपुर| पीएम आवासीय योजना के लाभार्थी के लिए जेडीए परिसर में चल रहे शिविर में दो दिन में 1695 आवेदन पत्र प्राप्त हो चुके है। रविवार को अवकाश के बावजूद जेडीए खुला रहने के साथ योजना के लाभार्थियों के फार्म जमा किए जाएंगे। जेडीए अध्यक्ष डा. महेंद्रसिंह राठौड़ ने बताया, कि अब तक शिविर में कुल 1695 आवेदन पत्र प्राप्त कर जमा कर लिए गए हैं। यह काम अधिकृत यासी कंसल्टिंग सर्विसेज कर रही है। जेडीए जोन के लाभार्थियों से जरुरी दस्तावेज के आवेदन पत्र टेबल संख्या 1 से 4, नगर निगम वार्ड के लाभार्थियों के लिए टेबल संख्या 5 से 8 एवं कच्ची बस्ती के लाभार्थियों के लिए टेबल संख्या 9 से 15 तक जेडीए परिसर में ही सुबह 9 से शाम 5 बजे तक आवेदन पत्र जमा होंगे। यह आवेदन पत्र 16 अप्रैल तक प्राप्त किए जाएंगे। ऐसे लाभार्थी जो अपने साथ दस्तावेज नहीं लाएंगे, उनके फार्म स्वीकार नहीं किए जा सकेंगें।