आरटीआई कार्यकर्ता ने एनएलयू अधिकारियों के खिलाफ एसीबी में पीई दर्ज करवा दस्तावेज दिए
जोधपुर |आरटीआई कार्यकर्ता नंदलाल व्यास ने जोधपुर की नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के चार अधिकारियों के खिलाफ एसीबी में परिवाद दर्ज करवाया है। व्यास ने एसीबी को दस्तावेज देकर वर्तमान कुलपति प्रो. पूनम सक्सेना, पूर्व कुलपति जस्टिस एनएन माथुर, कुलसचिव सोहनलाल शर्मा व पूर्व कुलसचिव रतन लाहोटी के खिलाफ अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए जांच करवाने की मांग की है। रविवार को एक प्रेसवार्ता कर कार्यकर्ता व्यास ने पत्रकारों को एनएलयू में की गई नियुक्तियों में बरती अनियमितताओं के बारे में बिंदुवार जानकारी दी। उन्होंने भर्ती में अनियमितता का आरोप लगाते हुए 19 बिंदु बताते हुए कहा, कि दो प्रमुख समाचार पत्रों ने इस संबंध में खबर भी प्रकाशित की थी। व्यास ने कहा, तत्कालीन कुलपति जस्टिस एनएन माथुर व वर्तमान कुलपति पूनम सक्सेना ने तत्कालीन कुलसचिव रतन लाहोटी व वर्तमान कुलसचिव सोहन लाल शर्मा के साथ मिलीभगत कर रिश्तेदारों व परिचितों को नियुक्त करने के आपराधिक मंतव्य से अपने पद का दुरुपयोग किया है। इन सभी अधिकारियों पर पद का दुरुपयोग करने के साथ वित्तीय अनियमितता के आरोप भी लगाए है।