रेजिडेंट्स ने फिर दिया 24 घंटे का समय, बोले- आरोपियों को नहीं पकड़ा तो करेंगे हड़ताल
जोधपुर | मामूली बात को लेकर शनिवार रात को एमजीएच में मरीज के परिजनों की पुलिस व डॉक्टर्स के साथ हुई झड़प के बाद रविवार को डॉक्टर्स व मरीज के परिजनों से पुलिस ने पूछताछ की। इस मामले में सरदारपुरा थाने में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। मामले को दिनभर समझाइश का दौर चला। एसीपी वेस्ट कमल सिंह ने बताया कि खरबूजा बावड़ी निवासी कौशल्या प|ी भैराराम गौड़ ने एमजीएच के रेजिडेंट डॉ. जयप्रकाश सोनगरा के खिलाफ मारपीट व लज्जा भंग की रिपोर्ट दी है। वहीं डॉ. सोनगरा ने खरबूजा बावड़ी निवासी गोविंद व दिनेश के खिलाफ मारपीट व राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज करवाया है। इधर, पुलिस ने आरोपी गोविंद और दिनेश से भी पूछताछ की। पुलिस पूछताछ की सूचना मिलने पर मरीज के परिजनों के अलावा ब्राह्मण समाज के लोग थाने में एकत्रित हो गए। बाद में ब्राह्मण महासभा के कन्हैयालाल पारीक, भाजपा नेता पवन आसोपा, नरेश पारीक, विकास शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल एसीपी वेस्ट, बासनी एसएचओ मदन बेनीवाल से मिला और घटना से अवगत करवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों से समझाइश की है।
एमजीएच में परिजनों व रेजिडेंट्स में मारपीट का मामला, पुलिस से बदतमीजी के वीडियो सामने आए
आज दो घंटे कार्य बहिष्कार करेंगे रेजिडेंट
हेल्थ रिपोर्टर | जोधपुर
महात्मा गांधी अस्पताल में शनिवार देर रात मरीज के परिजनों व रेजिडेंट डॉक्टर्स के बीच झगड़े के बाद रविवार को रेजिडेंट एसोसिएशन ने मीटिंग कर कॉलेज और पुलिस प्रशासन को फिर 24 घंटे का समय दिया है। साथ ही सोमवार को दो घंटे का कार्य बहिष्कार करने का निर्णय किया है।
रेजिडेंट्स एसोसिएशन की जीबीएम में सभी रेजिडेंट्स ने अपना मांगपत्र तैयार कर डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को सौंपा। इसमें उन्होंने डॉ. पवन चौहान व डॉ. जयप्रकाश सोनगरा के साथ मारपीट करने वाले मरीज व उनके परिजनों को मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट-2008 में गिरफ्तार करने, रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से हटाने और सभी 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच कराने तथा चौकी इंचार्ज को निलंबित करने की मांग रखी है। इसके लिए 24 घंटे का समय दिया है। यदि तय समय में मांगे पूरी नहीं होती हैं तो अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी। दूसरी ओर सुबह करीब 9 बजे हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. पीसी व्यास ने सर्जिकल वार्ड का राउंड लेकर आसपास के मरीजों से रात के घटनाक्रम की जानकारी ली। बाद में सीसीटीवी फुटेज देखे। दोपहर बाद पुलिस की ओर से एसीपी (वेस्ट) कमलसिंह भी एमजीएच पहुंचे और वार्ड में मौका-मुआयना किया। हॉस्पिटल अधीक्षक डाॅ. व्यास ने बताया कि शनिवार देर रात हुई घटनाक्रम से संबंधित सभी रेजिडेंट, नर्सिंग और बाईजी, जिनकी पुलिस ने तहरीर दी है, 5 रेजिडेंट की एमएलसी कराई है। नर्सिंग स्टाफ व बाईजी के नहीं आने के चलते उनकी एमएलसी नहीं हो पाई। एक रेजिडेंट विनोद साहू पसली में चोट लगने से आईसीयू में भर्ती है। पुलिस ने खुद सर्जिकल वार्ड में जाकर बैड नंबर 8 व 10 के मरीजों के वीडियो बयान लिए हैं। गौरतलब है कि शनिवार को सर्जिकल ए वार्ड में भर्ती मेडिसिन के एक मरीज के ड्रिप की बात पर मरीज के परिजनों और रेजिडेंट डॉक्टर्स के बीच जमकर लात-घूंसे चले थे। वार्ड का झगड़ा अस्पताल के मुख्य द्वार और फिर सड़क तक पहुंच गया। यहां पुलिस के सामने आधा घंटे तक मारपीट हुई। हालात बेकाबू होने पर सरदारपुरा पुलिस मौके पर आई और लाठीचार्ज किया था। इस बीच, रविवार रात दो वीडियो सामने आए जिनमें रेजिडेंट्स पुलिस चौकी में मरीज के परिजनों और पुलिसकर्मियों के साथ बदसलूकी करते नजर आ रहे हैं।
मरीज के परिजनों व डॉक्टर्स के साथ पुलिस ने मीटिंग कर समझाइश की
सरदारपुरा थाने में ब्राह्मण समाज ने ज्ञापन सौंपा।