कॉन्फ्रेंस में पेंशनर्स को नई पेंशन स्कीम से होने वाले नुकसान की जानकारी दी
जोधपुर | नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम की ओर से 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा हैं। इसी कड़ी में एनएमओपीएस की ओर से रविवार को मौलाना आजाद ऑडिटोरियम मुस्लिम स्कूल कैंपस, कमला नेहरू नगर में प्रदेश स्तरीय एक दिवसीय कॉन्फ्रेंस आयोजित हुई। इसमें प्रदेश भर से 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों ने भाग लिया। इस मुहिम में कई कर्मचारी संगठनों ने समर्थन दिया और अनेक संगठनों के कर्मचारी नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कॉन्फ्रेंस के मुख्य वक्ता एवं एनएमओपीएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुखजीत सिंह ने नई पेंशन स्कीम से कर्मचारियों को होने वाले नुकसान बताते हुए ओल्ड पेंशन स्कीम की जानकारी दी। इस अवसर पर राजस्थान की कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें सरफराज हुसैन प्रदेशाध्यक्ष, गौरीशंकर प्रदेश उपाध्यक्ष, जगदीश यादव को प्रदेश महासचिव एवं कृष्णा वर्मा को सह सचिव चुना गया। इसी के साथ 30 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली में चलने का आह्वान किया गया।