बड़ी स्क्रीन पर संजू के चौके-छक्के देख फैंस उत्साहित, जमकर की हूटिंग
जोधपुर| इन दिनों आईपीएल का फीवर जोरों पर है। जयपुर में आईपीएल 2018 में रविवार को राजस्थान रॉयल व रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच शाम चार बजे से शुरू हुए मैच का सरदारपुरा स्थित महावीर कॉम्पलेक्स फैन पार्क में बड़ी स्क्रीन पर टेलीकास्ट किया गया। जोधपुर के क्रिकेट फैंस के लिए इस वीकेंड पहली बार 36 गुणा 16 फीट की मेगा स्क्रीन और 3डी साउंड के साथ आईपीएल मैच का लाइव टेलीकास्ट किया गया। मैच देखने के लिए शहरवासियों की भीड़ उमड़ी। मैच के शुरू होने से पहले ही फैंस गेट के एक साइड में लगे स्टाल पर एंट्री पास लेकर स्क्रीन के आगे बैठ गए। वहीं पर क्रिकेट फैंस को एंटरटेन करने के लिए गेम जोन भी थे। मैच के दौरान ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के चलते गेम जोन की ओर बहुत ही कम लोग गए, उनकी बड़ी स्क्रीन से नजर हटने का नाम नहीं ले रही थी और हर किसी के हाथों में राजस्थान रॉयल और रॉयल चैलेंजर्स का झंडा था। इस मैच को देखने के लिए स्टूडेंट्स के साथ ही कई फैमिली भी आई हुई थीं। जैसे ही क्रिकेटर संजू सैमसन उतरे और चौके-छक्के लगाने लगे तो वहां बैठे दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट से ग्राउंड गूंज उठा और दर्शक हूटिंग करते हुए संजू...संजू तो कोई राजस्थान रॉयल के नारे लगाते दिखे। राजस्थान रॉयल की 19 रन से जीत हुई तो क्रिकेट फैंस भी डांस व मस्ती करने लगे। मैच में एंकरिंग संदीप सैन ने की।
फैन पार्क में बड़ी स्क्रीन पर लाइव मैच देखने उमड़ी भीड़
फैंस बोले- हमारा स्टेडियम भी बेहतरीन, वहां मैच हों
1. आई लव क्रिकेट। खास यह जयपुर में हो रहा है। हमारे यहां पर भी इंटरनेशनल बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में यह मैच होता तो बहुत एंजॉय करते। - साक्षी
2. हमारे यहां पर भी इतना अच्छा स्टेडियम बना हुआ है, हालांकि उसमें थोड़ी सुधार की आवश्यकता है। अगर वह पूरी हो जाए तो हम भी नेक्स्ट टाइम यहां पर मैच देख पाएंगे। - अनुष्का
2. क्रिकेट बहुत ही ज्यादा पसंद है। आईपीएल व अंतरराष्ट्रीय मैच हमारे ग्राउंड पर देखने की तमन्ना है। हमारे यहां मैच हों तो जोधपुर के चार चंद लग जाएंगे। - नबीला