बॉलीवुड सिंगर जुगलकिशोर के गीतों पर झूमे श्रोता, युवा गायक भी छाए
श्री जागृति संस्थान और राष्ट्रीय कवि चौपाल की ओर से सिवांची गेट स्थित गढ़ी में बॉलीवुड के संगीत निर्देशक जुगलकिशोर की म्यूजिकल नाइट ने खूब रंग जमाया। उन्होंने फिल्मी और गैर फिल्मी गीतों व भजनों की प्रस्तुति से समां बांध दिया। हरि का ध्यान लगा मन मेरे, मिट जाएंगे सब दुख तेरे... जल में थल में नील गगन में, पग-पग पर है प्रभु की माया रे और न जाने किस भेष में मिल जाए भगवान... की प्रस्तुति पर सभी झूम उठे। कार्यक्रम संयोजक शिवानी पुरोहित ने बताया, कि आरजे रैक्स के संचालन में जयपुर की अनामिका जायसवाल ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का आगाज किया।
बालोतरा के तौफीक नूरानी ने वो जब याद आए... सुनाकर दाद लूटी। कुलदीप माथुर ने दिलीप केसानी के चार गीतों को खुद अपना संगीत देकर आवाज दी। राखी पुरोहित ने दिलीप पुरोहित के गीतों को कंपोज कर प्रस्तुत किया। बीकानेर के सुरेंद्रनाथ, मोहनदास वैष्णव ने भी प्रस्तुति दी। हबीब कैफी, हरिदास व्यास, ज़ेबा रशीद, श्रीगोपाल व्यास, निर्मला शेखावत, लीला कृपलानी, मजाहिर सुलतान जई, बाबू खान शेख, सवाईराम जांगिड़, मानाराम सुथार, परमानंद केसानी, तारा प्रजापत ‘प्रीत’ राजेश भेरवानी आदि ने जुगलकिशोर का अभिनंदन किया। इस अवसर पर बृजेश अंबर, इश्राकुल इस्लाम माहिर, वाजिद हसन काजी, भीमराज सैन, विकास जोशी, हर्षद भाटी सुनील पुरोहित, राजकुमार पुरोहित सहित कई श्रोता उपस्थित थे। कासिम बीकानेरी ने आभार जताया। चंद्रभान विश्नोई ने संचालन में सहयोग किया।
कार्यक्रम में जुगलकिशोर ने सदाबहार फिल्मी गीतों के साथ भजनों की सरिता बहा समां बांध दिया।