धर्म की आड़ में समाज को नुकसान पहुंचाने वालों से सावधान रहें : आर्यवेश
कम्युनिटी रिपोर्टर | जोधपुर
आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा, कि धर्म की आड़ में समाज को नुकसान पहुंचाने वालों से सावधान रहने की जरूरत है। वे जोधपुर में पत्रकारों से बातचीत कर जालोर में होने वाले दो दिवसीय शिक्षक अधिवेशन में भाग लेने के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा, कि अध्यात्म के क्षेत्र में पहचान बनाकर कुछ लोग समाज में पाखंड फैला रहे हैं। उन्होंने आसाराम और राम-रहीम का उदाहरण देते हुए कहा, कि समाज को ऐसे लोगों से सावधान रहना चाहिए। ऐसे कई लोग हैं जो धर्म के नाम पर समाज को भ्रमित कर ऐश्वर्य का जीवन जी रहे हैं।
जालोर रवाना होने से पहले जोधपुर में कहा-फिर से गुरुकुल शिक्षा प्रणाली की जरूरत
आर्य समाज और इससे जुड़े संगठन जनजागरण अभियान चलाएंगे
स्वामी आर्यवेश ने कहा, कि आर्य समाज और इससे जुड़े संगठन ऐसा वातावरण पैदा करने वालों के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएंगे। उन्होंने देश के वर्तमान हालात पर चिंता जताते हुए कहा, कि भ्रष्टाचार, जातिवाद और सामाजिक समस्याएं निरंतर बढ़ रही हैं। युवा नशे के आदी हो रहे हैं और बेरोजगारी से वे दिशा हीन हो रहे हैं। उन्होंने कहा, कि गुरुकुल शिक्षा प्रणाली को बढ़ावा देने की जरूरत है। वे अधिवेशन में इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा, कि 6 से 8 जुलाई तक कांगड़ी हरिद्वार में गुरुकुल शिक्षा प्रणाली पर आयोजन होगा। इसमें भी इस मुद्दे पर व्यापक बहस की जाएगी।
स्वामी आर्यवेश मंगलवार को जोधपुर पहुंचे।