चार साल की मासूम से ज्यादती और माचिस की तीली से जलाने की कोशिश आरोपी नाबालिग पुलिस संरक्षण में
पाल रोड इलाके की मिल्कमैन कॉलोनी में रहने वाली चार साल की एक मासूम से पड़ोस में ही रहने वाले एक किशोर ने पहले तो ज्यादती की कोशिश की और फिर माचिस की तीली से उसे जलाने का प्रयास किया। घटना की जानकारी मिलने के बाद लोगों ने एकबारगी तो किशोर की पिटाई कर डाली, बाद में उसने खुद को कमरे में बंद कर लिया। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची शास्त्रीनगर थाना पुलिस उसे पकड़कर थाने ले गई। साथ ही पुलिस ने मासूम का रात को ही मेडिकल कराया।
एसीपी (वेस्ट) कमल सिंह ने बताया कि मिल्कमैन कॉलोनी इलाके में मूलतया उत्तरप्रदेश के गोरखपुर जिले का एक श्रमिक परिवार रहता है। इस परिवार की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया गया कि पीड़ित पक्ष के निकट ही किराए पर रहने वाले व मूलतया यूपी के बलरामपुरा जिला निवासी लड़के ने मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी मासूम बेटी को अपने कमरे में बुलाया। वहां से करीब एक घंटे बाद मासूम वापस घर पहुंची, तो उसके नाजुक अंगों पर चोट व जलने के निशान परिवादी की प|ी ने देखे। पूछने पर उसने बताया कि पड़ोसी लड़के ने उसके साथ गलत हरकतें की। इस संबंध में जानकारी मिलने पर शास्त्रीनगर पुलिस आरोपी लड़के को पकड़कर थाने ले आई। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि केस में नामजद आरोपित लड़का नाबालिग है, तो उसे पुलिस संरक्षण में लिया गया। शास्त्रीनगर थानाधिकारी अमित सिहाग ने बताया कि लड़के ने चॉकलेट व कुरकुरे दिलाने के बहाने मासूम बच्ची को अपने कमरे में बुलाया था। उसके साथ ज्यादती की कोशिश की गई है। किशोर के खिलाफ ज्यादती, पॉक्सो एक्ट व एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।
पाल रोड मिल्कमैन कॉलोनी की घटना, उत्तरप्रदेश के रहने वाले हैं दोनों पक्ष