एयरफोर्स, एसपीएस, प्ले हार्ड क्लब व डीपीएस को खिताब
जोधपुर | एयरफोर्स ने जिला स्तरीय जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग का खिताब जीत लिया। जोधपुर जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन की ओर से यहां उम्मेद स्टेडियम कोर्ट पर आयोजित इस प्रतियोगिता के फाइनल में एयरफोर्स ने सेंट जोंस क्लब को 47-44 अंकों से हराकर खिताब हासिल कर लिया। बालिका वर्ग में एसपीएस टीम विजेता रही। उसने फाइनल में डीपीएस टीम को 34-23 से पराजित किया। इसी तरह यूथ बालक वर्ग में प्ले हार्ड क्लब ने साई टीम को 29-24 से और बालिका वर्ग में डीपीएस ने चिरमी क्लब को 19-17 से हराकर खिताब जीता। समापन समारोह में ओलिंपियन हनुमान सिंह मुख्य अतिथि थे। उप महापौर देवेंद्र सालेचा ने समारोह की अध्यक्षता की। सिद्धार्थ बिड़ला और डाॅ. नेहा बिड़ला विशिष्ट अतिथि थे। आयोजन सचिव नरेंद्र स्वामी ने आभार व्यक्त किया।
जिम्नास्ट शुभम कुमार एक्सीलेंसी सेंटर के लिए चयनित
जोधपुर | जोधपुर के जिम्नास्ट शुभम कुमार का राष्ट्रीय स्तरीय एक्सीलेंसी सेंटर दिल्ली के लिए चुने गए हैं। वे पहले जिम्नास्ट हैं, जिनका चयन एक्सीलेंसी सेंटर में हुआ है। शुभम कुमार के चयनित होने पर स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में खेल अधिकारी सोहनलाल चौधरी, अखिल विद्या भारती के खेल प्रमुख दुर्ग सिंह राजपुरोहित व अन्य लोग मौजूद थे। शुभम कुमार बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में जिम्नास्टिक कोच भवानी सिंह खंगारोत के नियमित प्रशिक्षु है। शुभम कुमार राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक प्राप्त कर चुके हैं।
जोधपुर फुटबॉल एसो. के गठन के लिए तदर्थ समिति बनी
जोधपुर | जिला फुटबॉल संघ जोधपुर के गठन के लिए राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन ने एक तदर्थ समिति का गठन किया है। इस समिति में जयनारायण गहलोत को संयोजक बनाया है। बिशन सिंह भाटी, स्वर्गेश दीक्षित, रोशन अली और विश्वजीत गहलोत सदस्य होंगे। गौरतलब है कि जिला फुटबॉल संघ में बरसों से चुनाव नहीं हुए हैं। इसके अभाव में यहां के खिलाड़ियों का नुकसान हो रहा था। राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह शेखावत ने जिला क्रीड़ा परिषद जोधपुर के सचिव के नाम पत्र जारी कर तदर्थ समिति के गठन की सूचना दी है।
मालम सिंह स्मृति सद्भावना फुटबॉल मैच आज
जोधपुर | फुटबॉल कोच स्वर्गीय मालम सिंह की बुधवार को बरसी मनाई जाएगी। इस मौके पर शाम पांच बजे यहां उम्मेद स्टेडियम में सद्भावना फुटबॉल मैच का आयोजन किया जाएगा। आयोजक सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह मैच मारवाड़ क्लब ए और मारवाड़ क्लब बी टीम के बीच खेला जाएगा।