विक्षोभ की दिशा बदली तो जोधपुर से आंधी-तूफान टला
जोधपुर | पश्चिमी राजस्थान सहित प्रदेश के कई हिस्सों में तेज अंधड़ व हल्के तूफान का खतरा दूसरी बार टल गया है। पश्चिमी विक्षोभ का असर ईरान, अफगानिस्तान व पाक की ओर बढ़ रहा था, लेकिन हवाओं के रुख ने इसे पहले हल्का किया फिर दूसरे प्रदेशों की तरफ मोड़ दिया है। इससे प्रदेश में तेज आंधी व हल्के तूफान की आशंका घट गई है। मौसम विभाग के अनुसार यदि पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में दिखाई देता को काफी नुकसान होता। तीन दिन में बदली परिस्थितियों से यह पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान को नुकसान पहुंचाए बगैर आगे बढ़ गया। यह विक्षोभ दिल्ली, हरियाणा व उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ा है। जिसका असर वहां दिखाई भी दे रहा है। जोधपुर शहर में अब खिली धूप निकलने व तापमान बढ़ने की संभावनाएं हैं। मंगलवार को हल्के बादल आते जाते रहे और कुछ हवाएं भी चली। शहर का अधिकतम तापमान 42.3 रहा जबकि न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसी की वजह से अल सुबह से ही गर्मी का असर दिखाई देने लग गया।