पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Rajasthan
  • Jodhpur
  • जाट युवा शक्ति ने एसआई चौधरी को दी श्रद्धांजलि

जाट युवा शक्ति ने एसआई चौधरी को दी श्रद्धांजलि

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जाट युवा शक्ति ने एसआई चौधरी को दी श्रद्धांजलि

जाट युवा शक्ति की ओर से झालामंड स्थित 36 खेड़ा जाट समाज भवन में उपनिरीक्षक महेंद्र चौधरी को श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही चौधरी को शहीद का दर्जा देने की मांग की गई। संगठन अध्यक्ष अशोक सिलु ने बताया कि चौधरी भारत बंद के दौरान अपने कर्त्तव्य का निष्पादन करते हुए वीर गति को प्राप्त हुए थे। सभा में प्रमोद चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष प्रकाश बेनीवाल, महेंद्र सारण, धर्मेंद्र बेंदा, प्रकाश चौधरी, अरविंद बर्रा, उपेंद्र चौधरी, भींयाराम भड़ला, मनीष कागट, हंसराज प्रजापत, आयुष खालिया, रवींद्र चौधरी, रिंकू चौधरी, ओम जाखड़, विनोद धतरवाल आदि उपस्थित थे।

व्यापारी बिजली बिल कॉमर्शियल करवाने आगे आए

चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के व्यापारियों ने पहल करते हुए जोधपुर डिस्कॉम के अधिशासी अभियंता से उनके प्रतिष्ठानों के घरेलू कनेक्शन को कॉमर्शियल में बदलने की मांग की। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड व्यापारी संस्था के अध्यक्ष जसवंत कुमावत ने बताया कि चौहाबो मार्केट की दुकानों में तो कॉमर्शियल कनेक्शन हैं, लेकिन कुछ में अभी भी घरेलू कनेक्शन हैं। जिन दुकानों में घरेलू बिजली कनेक्शन हैं, वे भी कॉमर्शियल में बदलवाकर भविष्य में पेनल्टी सहित किसी भी तरह की परेशानी से बचना चाहते हैं।

पुरानी पेंशन स्कीम बहाली के लिए आंदोलन

नेशनल मूवमेंट फॉर ओल्ड पेंशन स्कीम की ओर से 2004 के पश्चात नियुक्त सभी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम का लाभ दिलाने की मांग को लेकर राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। इस संबंध में 15 अप्रैल को सुबह 10 बजे कमला नेहरू नगर स्थित मौलाना आजाद मुस्लिम स्कूल में राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। कॉन्फ्रेंस में राजस्थान में 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारी हिस्सा लेंगे। मुख्य वक्ता एनएमओपीएस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुखजीत सिंह होंगे। इस अवसर पर राजस्थान की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और 30 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली को सफल बनाने की रणनीति बनाई जाएगी।

खींवसर विधायक बेनीवाल से मिल बताई समस्याएं

डांगियावास | भोपालगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बनाड़ निवासी युवाओं ने खींवसर विधायक हनुमान बेनीवाल से मुलाकात कर जन समस्याएं बता समाधान करवाने का आग्रह किया। इस अवसर पर राजेंद्र चौधरी, जगदीश बेनीवाल, राजु खोजा, दिनेश, महेंद्र और हनुमानराम के साथ युवा मौजूद थे। विधायक बेनीवाल ने कहा, सीकर में जल्द ही किसान हुंकार महारैली पार्ट चार का आयोजन कर सरकार से किसानों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की जाएगी।

कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के बाहर दिया धरना

राज्य कर्मचारियों के 19 सूत्रीय मांग पत्र को लेकर अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ (एकीकृत) जिला शाखा जोधपुर द्वारा शुक्रवार को जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर धरना दिया गया। महासंघ के महानगर अध्यक्ष कैलाश वर्मा ने बताया कि मुख्य मांगों में वर्ष 2004 के बाद नियुक्त कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना से जोड़ना, वित्त विभाग द्वारा जारी अनुसूची के तहत की जा रही कटौतियों को बंद करने, मंत्रालयिक कर्मचारियों को 3600 ग्रेड पे देने, सातवें वेतन आयोग का भुगतान जनवरी 2016 से नकद करने, वर्ष 2007-08 की भर्ती में नियुक्त शिक्षकों एवं प्रबोधकों की वेतन विसंगतियां दूर करने आदि हैं। धरने को संभागीय अध्यक्ष मनीष आचार्य, रमनलाल त्रिवेदी, रामदेव प्रजापति, ओमसिंह देवड़ा, राजेश विश्नोई, महेंद्रसिंह तंवर, अमरलाल व्यास, इंद्रविक्रम, सांवतसिंह राठौड़, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष विजयलक्ष्मी शर्मा, जसवंत सिंह चौथानिया, मो. साबिर, सूरज प्रकाश जाजड़ा आदि नेताओं ने संबोधित किया।

जलियावाला बाग शहीदों को दी श्रद्धांजलि

आर्यावर्त विकास संस्था की ओर से जलियावाला बाग हत्याकांड की बरसी को शहीद दिवस के रूप में मनाया गया। बॉक्सिंग कोच विक्रमसिंह आर्य ने कहा कि अंग्रेज सरकार के ब्रिगेडियर डायर के आदेश पर 13 अप्रैल 1919 को जलियावाला बाग में निहत्थे देशभक्तों को गोलियों से मौत के घाट उतारा गया था, शहीद ऊधमसिंह ने उसे लंदन में गोली मारकर बदला लिया। इस दौरान मुकेश प्रजापत, राजेश शर्मा, सूरज मौर्य, अशोक खदाव, हिमांशु सेन, शिवानी, हर्षिता चौधरी आदि ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

भंडारी बीबीएनएल में वरिष्ठ जीएम पद पर पदोन्नत

भारतीय दूरसंचार सेवा 1993 बेच के पंकज भंडारी को दूरसंचार विभाग के अधीन बीबीएनएल भारत ब्राडबैंड नेटवर्क लिमिटेड ने आदेश जारी कर वरिष्ठ महाप्रबंधक पद पर पदोन्नत किया है।

केवी शिक्षक संघ ने सेंट्रल स्कूलों का दौरा किया

केंद्रीय विद्यालय प्रगतिशील शिक्षक संघ की ओर से पश्चिमी राजस्थान में स्थित केंद्रीय विद्यालयों का दौरा कर उनकी समस्याओं तथा मांगों पर विचार-विमर्श किया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष राजाराम चौधरी एवं महासचिव अनिल डेला ने आठ दिनों में लगभग सभी स्कूलों का दौरा किया। संघ के प्रतिनिधि मंडल की ओर से राजस्थान में स्थित कुल 72 केंद्रीय विद्यालयों में से दूरदराज क्षेत्रों में स्थित 31 स्कूलों में जाकर शिक्षकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी।

खबरें और भी हैं...