प्राइवेट कॉलेजों के झंडों से बदरंग जेएनवीयू में राष्ट्रीय ध्वज ही गायब
जोधपुर | जेएनवीयू प्रशासन की सहमति से विश्वविद्यालय के करीब 50 संबद्ध महाविद्यालयों के झंडे जेएनवीयू के केंद्रीय कार्यालय में लगा दिए गए हैं। इससे पौराणिक विश्वविद्यालय के कार्यालय का हैरिटेज व्यू बदरंग हो गया है। दूसरी ओर विश्वविद्यालय में स्थापित राष्ट्रीय ध्वज पोल से गायब है। इस संबंध में कुलपति प्रो. आरपी सिंह से पूछा तो उन्होंने बताया कि कॉलेजों को केवल तय दिनों पर झंडे लगाने के लिए कहा गया था। इसमें आंबेडकर जयंती भी शामिल है। इस बार ये थोड़ा पहले लगा दिए गए। सोमवार को हटा दिए जाएंगे और इसके बाद विश्वविद्यालय स्थापना दिवस, जेएनवीयू दीक्षांत समारोह, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस, अंबेडकर जयंती व गांधी जयंती के मौके ये झंडे लगाए जाएंगे। ये सभी झंडे विश्वविद्यालय के पास जमा रहेंगे। वहीं अन्य कॉलेजों से भी झंडे मंगवा लिए जाएंगे। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय से करीब 250 कॉलेज संबद्ध हैं, लेकिन जेएनवीयू के केंद्रीय कार्यालय में इतने झंडे लगाने की जगह ही नहीं है। वहीं कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय में लगा राष्ट्रीय ध्वज फट गया है, नया मंगवा लिया गया है। शीघ्र ही लगा दिया जाएगा।