माचिया से कानपुर जू को भेजे आठ चिंकारा व तीन लोमड़ी
जोधपुर |केंद्रीय चिड़ियाघर से परमिशन मिलने के बाद माचिया सफारी पार्क से कानपुर जू के लिए शुक्रवार को आठ चिंकारा व तीन लोमड़ी भेजी गई। वहीं कानपुर जू से जोधपुर माचिया सफारी पार्क को टाइगर का एक जोड़ा, सेही का दो जोड़ा व बिज्जू का एक जोड़ा दिया गया है। कानपुर जू के डॉ. मोहम्मद नासिर के नेतृत्व में 6 केयर टेकर व 2 दो फॉरेस्ट गार्ड सहित अन्य स्टाफ दो दिन का सफर कर इन वन्यजीवों को जोधपुर लेकर आया और बदले में यहां से दो नर व छह मादा चिंकारा और एक नर व दो मादा लोमड़ी लेकर गया। इधर कानपुर जू से आए करीब सवा साल के नर बाघ एंथोनी व करीब एक साल की बाघिन अंबिका ने सुहाने मौसम का लुत्फ लेते हुए खूब अठखेलियां की। इनका स्वास्थ्य ठीक है। डीएफओ वाइल्ड लाइफ किशनसिंह भाटी ने बताया कि आदान-प्रदान के तहत चिंकारा व लोमड़ी कानपुर जू भेजी गई है।