एमपीईटी की नई आंसर-की ऑनलाइन जारी
जोधपुर | जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय की ओर से विरोध के बावजूद भी एमपीईटी का परिणाम घोषित कर दिया गया। इस परीक्षा का परिणाम एक कमेटी की जांच व उसकी ओर से अनुशंसा करने के बाद घोषित किया गया था। ग्रीविएंस के बाद बदली गई आंसर-की भी जारी कर दी गई है। जेएनवीयू के कुलपति प्रो. आरपी सिंह ने बताया कि एमपीईटी के परिणाम घोषित करने के लिए लगातार स्टूडेंट्स की ओर से प्रदर्शन किए जा रहे थे, लेकिन विश्वविद्यालय को एसीबी की ओर से मिले पत्र के बाद सिस्टम में कुछ कमी दिखाई दी। सभी समस्याओं के समाधान के बाद परिणाम घोषित किया गया। परिणाम पूर्व पहली आंसर-की से संबंधित आपत्तियों को ठीक करवाया गया था और परिणाम के बाद संशोधित आंसर-की जारी की गई है। प्रो. सिंह ने बताया कि इस परीक्षा की ऑनलाइन आंसर-की गुरुवार को जारी कर दी गई है तथा शनिवार को परीक्षा देने वाले सभी अभ्यर्थियों की आेएमआर शीट ऑनलाइन जारी कर दी जाएगी। इस संबंध में गठित कमेटी के सदस्य प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने इस संबंध में स्वीकृति मांगी थी, जो दे दी गई है।