कमरे से मोबाइल व रुपए चुराने का आरोपी पुलिस रिमांड पर
जोधपुर | काजरी रोड पर मिल्कमैन कॉलोनी में रहने वाले एक युवक के कमरे से मोबाइल, क्रेडिट व एटीएम कार्ड और नकदी चुराने के करीब 15 दिन पुराने मामले में शास्त्री नगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया है। शास्त्री नगर थानाधिकारी अमित सियाग ने बताया, कि मूलतया झूंझुनू के मुकंदगढ़ थानांतर्गत नवलगढ़ कसेरू हाल काजरी रोड मिल्कमैन कॉलोनी में मनोज भाटी के मकान में किराए पर रहने वाले खुशीराम जाट पुत्र सांवलराम ने गत दिनों रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया, कि गत 28 मार्च को अपने कमरे से कुछ देर के लिए बाहर निकल मकान की पहली मंजिल पर खाना खाने गया था। इसी दौरान एक लड़का उसके कमरे में घुसा और भीतर से क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड व डेढ़ हजार रुपए चुरा लिए। बाद में उसकी बाइक के नंबर के आधार पर पता चला कि चोरी करने वाला शौकत अली हो सकता है। इस संबंध में केस दर्ज कर संदिग्ध आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने गुरुवार को सोजती गेट हरियाढाणा हवेली निवासी यासीन अली (22) पुत्र शौकत अली को गिरफ्तार किया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर चुराए गए कार्ड व अन्य सामान बरामदगी के प्रयास कर रही है।