सर्वार्थ सिद्धि योग में अक्षय तृतीया आज अबूझ सावे रहेंगे, दान-पुण्य का श्रेष्ठ दिन
कम्युनिटी रिपोर्टर | जोधपुर
वैशाख शुक्ल तृतीया पर बुधवार को सर्वार्थ सिद्धि योग में अक्षय तृतीया मनाई जाएगी। इस दिन अबूझ सावे रहेंगे। इस दिन दान करने से सौ फीसदी फल मिलता है। शास्त्रों के अनुसार इस दिन किया काम शुभ और अक्षय रहता है। अक्षय तृतीया पर स्नान, जप, हवन, तर्पण और श्राद्ध का फल भी अक्षय रहता है। इसके साथ ही गृह प्रवेश, गृह आरंभ और अन्य मांगलिक कार्य बिना मुहूर्त निकाले कर सकते हैं। इस दिन को सोने के आभूषण, जमीन, मकान, वाहन और वस्त्र आदि की खरीदारी के लिए भी शुभ माना गया है। मंदिरों में धार्मिक आयोजन भी होंगे।
खरीदारी के लिए श्रेष्ठ दिन
पंडित रमेश द्विवेदी ने बताया, कि अक्षय तृतीया का पूरा दिन शुभ कार्यों एवं खरीदारी के लिए श्रेष्ठ रहेगा। जमीन, मकान, दुकान सुबह 8:15 से रात तक, आभूषण, वाहन और वस्त्र सुबह 10:51 से रात तक, फर्नीचर सुबह 11:15 से शाम 6:48 बजे तक और इलेक्ट्रिक सामान और मशीनरी दोपहर 3:40 से देर रात तक खरीदे जा सकते हैं।
कई योग बनेंगे
सूर्योदय से दिन भर सर्वार्थ सिद्धि योग रहेगा। कृतिका नक्षत्र रात्रि 12:27 तक रहेगा। रोहिणी नक्षत्र भी रहेगा जो विशेष रूप से शुभ हैं। इसके साथ 12:27 से अगले दिन तक रवि योग भी रहेगा।