वृद्ध दंपती पर हमला कर लूट व हत्या के मामले का खुलासा, 4 गिरफ्तार
लूणी थानांतर्गत कांकाणी बागड़ों की ढाणी इलाके में 7 अप्रैल की रात को हुई थी वारदात
क्राइम रिपोर्टर. जोधपुर| शहर के निकटवर्ती लूणी के कांकाणी इलाके में गत दिनों एक बुजुर्ग दंपती पर हमला कर लूट व हत्या के मामले का खुलासा करते हुए लूणी पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों को बुजुर्ग दंपती के बारे में पूरी जानकारी थी और उन्हें लूटने की योजना बनाकर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था।
डीसीपी (वेस्ट) समीर कुमार सिंह ने बताया, कि 8 अप्रैल को बागड़ों की ढाणी निवासी केनाराम विश्नोई की ओर से लूणी थाने में केस दर्ज कराया गया था। इसमें बताया गया, कि 7 अप्रैल की रात को उसके चाचा वरिंगाराम विश्नोई (75) और चाची गजरा देवी (70) की ढाणी में घुसकर कुछ बदमाशों ने हमला कर धारदार हथियार से वार किए। इसके बाद बदमाश सोने चांदी के आभूषण व अन्य कीमती सामान लूटकर ले गए थे।
घटना का पता अगले दिन सुबह दूधवाले के वहां पहुंचने पर लगा। बाद में घायल दंपती को एमडीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां 14 अप्रैल को बुजुर्ग वरिंगाराम की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस पर लूणी थाने में दर्ज लूट व जानलेवा हमले के मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक एसीपी (बोरानाडा) निशांत भारद्वाज की अगुवाई में लूणी थानाधिकारी गजेंद्रसिंह व अन्य की टीम गठित की गई। इस टीम ने कई दिनों की मशक्कत के बाद मंगलवार को लूणी के मोगड़ा कलां निवासी दिलीप मेघवाल (20) पुत्र बालाराम, नंदवान निवासी सुनील मेघवाल (23) पुत्र नरसिंग राम, लूणाराम मेघवाल (22) पुत्र प्रभुराम और सालावास निवासी कैलाश मेघवाल (20) पुत्र भींयाराम को पकड़कर सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इस पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस इनसे पूछताछ कर लूटा गया सोना-चांदी और अन्य सामान बरामदगी के प्रयास कर रही है।