पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

जिले में 20 को मनाया जाएगा उज्ज्वला दिवस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जिले में 20 को मनाया जाएगा उज्ज्वला दिवस

जिले में 20 अप्रैल को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना दिवस मनाया जाएगा। जिला नोडल अधिकारी मनीष कुमार गोयल ने बताया, कि इस दौरान अधिकाधिक लाभार्थियों को एलपीजी के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी जाएगी। 14 अप्रैल से 5 मई तक सरकार द्वारा आयोजित ग्राम स्वराज अभियान के तहत जिले के 11 गांव को धूम्र रहित बनाने का निर्णय भी लिया गया है एवं जिले के गैस वितरक इस कार्य के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया, कि एलपीजी की सुविधा देने के लिए सरकार ने उज्ज्वला योजना के लक्ष्य को 5 करोड़ से बढ़ाकर 8 करोड़ कर दिया है। योजना के तहत पहले एसईसीसी-2011 की सूची अनुसार ही पात्रता थी, लेकिन विस्तारित योजना में अनुसूचित जाति, जनजाति, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी, अंत्योदय अन्न योजना के लाभार्थियों सहित अन्य पिछड़े वर्ग, नदी द्वीपवासी, वन्यग्राम वासी, चाय बागानों में काम करने वाले लोगों को जोड़ा गया है।

डिस्कॉम के टेक्नीकल हेल्पर गोयल ने इंडोनेशिया में मेडल जीता

जोधपुर डिस्कॉम के मंडोर उपखंड के लोरड़ी दईजर जीएसएस में कार्यरत तकनीकी सहायक नरेश कुमार गोयल ने इंडोनेशिया के बाली में 7 से 10 अप्रैल तक आयोजित छठी वर्ल्ड स्ट्रैंथ लिफ्टिंग चैम्पियनशिप के 85 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसके बाद जोधपुर लौटने पर डिस्कॉम एमडी आरती डोगरा तथा अफसरों ने गोयल का सम्मान किया। प्रबंध निदेशक डोगरा ने मंगलवार को नरेश कुमार गोयल को अपने कक्ष में इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और अपने हाथ से प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान किया। इस अवसर पर निदेशक तकनीकी बीएस रतनू, निदेशक वित्त अमिताभ योगानंदी, सचिव प्रशासन आरडी बारहठ, कंपनी सचिव आरके सिंह, अधीक्षण अभियंता बीएल दइया, मांगीलाल बेंदा, मोहनसिंह भाटी, मंडलदत्त जोशी आदि मौजूद थे।

आरटीआई कार्यकर्ता बोहरा को नहीं दिखाई फाइल, ऑनलाइन दस्तावेज दिखाकर कर ली खानापूर्ति

सूचना के अधिकार के तहत अवलोकन के लिए पहुंचे एक आरटीआई कार्यकर्ता को ऑनलाइन चंद कागजात दिखाकर खानापूर्ति कर ली गई। महेंद्र बोहरा ने खनन पट्टा एवं चूनाभट्ठी को हाल ही में मिली एनवायर्नमेंट क्लीयरेंस सहमति से जुड़े दस्तावेज मांगे थे। राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल में उन्होंने सूचना के अधिकार के तहत आवेदन किया था। विभाग ने बोहरा को मंगलवार को दोपहर तीन से पांच बजे के बीच ऑफिस बुलाया और एनवायर्नमेंट क्लीयरेंस से जुड़े सहमति पत्र के दस्तावेज का अवलोकन करने को कहा। वे ऑफिस पंहुचे तो कंप्यूटर पर ऑनलाइन चंद कागज दिखा दिए। उन्होंने पूरी फाइल दिखाने के लिए कहा, मगर प्रदूषण नियंत्रण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी ने फाइल दिखाने से इनकार कर दिया। इधर, आरओ विजय कुमार ने बताया, कि हमने पब्लिक डोमेन का अवलोकन करवाया है। कार्यकर्ता ने शिकायत दी है, उसका जवाब देंगे।

बीएसएफ के रिटायर्ड डीआईजी यादव की सड़क हादसे में मौत पर शोक जताया

बीएसएफ राजस्थान सीमांत के सहायक प्रशिक्षण केंद्र में डीआईजी रह चुके सुमेरसिंह यादव तथा उनकी मां की मंगलवार को हरियाणा के महेंद्रगढ़ में कार का संतुलन बिगड़ने जाने से हुए सड़क हादसे में मौत हो गई। वे यहां सहायक प्रशिक्षण केंद्र से मार्च 2017 में रिटायर्ड हुए थे। उनकी मौत की खबर के बाद जोधपुर बीएसएफ राजस्थान सीमांत में शोक की लहर छा गई। राजस्थान सीमांत के आईजी अनिल पालीवाल, डीआईजी रवि गांधी, डीआईजी एमसी शर्मा, डीआईजी केएस राजावत सहित कई अफसरों ने यादव के निधन पर शोक जताया हैं।

खबरें और भी हैं...