उन्नाव-कठुआ में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
उन्नाव-कठुआ में दुष्कर्म की घटनाओं के विरोध में निकाला कैंडल मार्च
देश में उन्नाव और कठुआ में हुए दुष्कर्म की घटनाओं का जोधपुर में विरोध जारी है। विभिन्न संगठनों की ओर से मंगलवार को भी प्रदर्शन और कैंडल मार्च किए गए। केरू गांव में नन्हीं बच्चियों और ग्रामीणों ने कैंडल मार्च निकाल कर श्रद्धांजलि दी। ग्रामीणों ने अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की। इस दौरान केरू गांव के हर धर्म और जाति के लोग उपस्थित थे। इस अवसर पर कैंडल मार्च निकाल कर असाफा को श्रद्धांजलि दी गई, जिसमें मगराज चौहान, अशोक देपन, डीके गंडेर, ईदू खान, अनवर खान, हाजी खान, रवींद्र चौधरी, मांगीलाल धांधू, राजेंद्र चौहान, दीपाराम मेघवाल, रमेश मारवाड़ सहित कई लोग मौजूद थे।
डॉ. झाला ने राजोर की ढाणी में पीड़ित परिवार को दी सांत्वना
लूणी थाना क्षेत्र के गांव राजोरा की ढाणी सरहद में 10 अप्रैल को हुई पन्नालाल सरगरा की हत्या के बाद मंगलवार को पूर्व आईपीएस और सरगरा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजेंद्र झाला ढाणी पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। बाद में डॉ. झाला समाज के प्रतिष्ठित व्यक्तियों के साथ पुलिस आयुक्त जोधपुर अशोक राठौड़ व पुलिस उपायुक्त पश्चिम समीर कुमार सिंह से मिले और मुल्जिमों की गिरफ्तारी व बरामदगी त्वरित गति से करने पर धन्यवाद दिया। उन्होंने मृतक परिवार को हर संभव आर्थिक सहायता दिलवाने का भी आग्रह किया। वे संबंधित अनुसंधान अधिकारियों से भी मिले और अनुसंधान की जानकारी ली। उन्होंने कहा, कि प्रकरण में जोधपुर पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई कर सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर हत्या कर लूटी गई मवेशियों की बरामदगी कर लेना प्रशंसनीय कार्य है। उन्होंने कलेक्टर डॉ. रवि कुमार सुरपुरा से भी टेलीफोन पर मृतक परिवार को आर्थिक सहायता दिलवाने का आग्रह किया। राठौड़ से मिलने वालों में पूर्व आरएएस पीसी राठौड़, रामोजी खेजड़ला, गुलाब पीपाड़, मांगीलाल बोरावास, सोहन उचियारड़ा, जोहरीलाल चौहान, दुर्गालाल राठौड़, मनोज भाटी, पंकज सागर, देवेंद्र गहलोत, पारस चनेवाला, राजूराम बिलाड़ा, विष्णु मोगड़ा आदि शामिल थे।
जोधपुर रेल मंडल में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया सम्मानित
जोधपुर रेल मंडल में 63वां रेल सप्ताह समारोह रेलवे सामुदायिक भवन में मनाया गया। उत्तर-पश्चिम रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी गोपाल शर्मा ने बताया, कि मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक गौतम अरोरा थे। आरंभ में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक स्तर पर शील्ड विजेता इंजीनियरिंग, डीजल शेड, संकेत व दूरसंचार, सुरक्षा, मेडिकल तथा कैरैज व वैगन विभाग तथा व्यक्तिगत पुरस्कार प्राप्त करने वाले रेल कर्मचारियों / अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मंडल पर उत्कृष्ट तथा सराहनीय कार्य करने के लिये 81 कर्मचारियों को नकद राशि, प्रमाण पत्र तथा मेडल प्रदान कर तथा व्यक्तिगत रूप से और 100 कर्मचारियों को सामूहिक रूप से मंडल रेल प्रबंधक ने पुरस्कृत किया। शर्मा के अनुसार इस बार मंडल स्तर की शील्ड में संरक्षा ग्रेड ए राइकाबाग स्टेशन को, संरक्षा ग्रेड बी नोखा स्टेशन को, राजभाषा शील्ड कार्मिक विभाग मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय को, परिवार कल्याण शील्ड गायनी विंग रेलवे अस्पताल को तथा सर्वश्रेष्ठ ट्रैक रखरखाव की शील्ड वरिष्ठ अनुभाग अभियंता / रेल पथ / नोखा को प्रदान की गई।
मोहम्मद शेख पुरस्कृत
63वें रेल सप्ताह पुरस्कार समारोह में मेल गार्ड नईम मोहम्मद शेख को जोधपुर के मंडल रेल प्रबंधक ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए प्रशस्ति-पत्र व 4 हजार रुपए नकद देकर सम्मानित किया।
विश्वकर्मा युवा संघ संस्थान की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ
विश्वकर्मा युवा संघ संस्थान जोधपुर की नई कार्यकारिणी काे शपथ दिलाई गई। कोषाध्यक्ष रामकिशोर बी. गेपाल ने बताया, कि कार्यक्रम में संरक्षक वासुदेव बुढ़ल, रमेशप्रकाश शर्मा, प्रेमसुख शर्मा, खींवराज रालडिया, भारत भदरेचा, पुष्पेंद्र शर्मा, डॉ. मोहन सुथार, चंचलराज शर्मा, अजय शर्मा, पुखराज उत्तम की उपस्थिति में हुआ। इस दौरान अध्यक्ष कुलदीप जांगिड़, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनोहर उत्तम, उपाध्यक्ष तरुण जांगिड़, सचिव पवन जांगिड़, सहसचिव मनीष कुलरिया, सह कोषाध्यक्ष रामदेव जांगिड़ को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। साथ ही उत्तम जांगिड़ को मीडिया, वेदप्रकाश को प्रवक्ता, दिनेश बरनेला, राहुल शर्मा, सूरज झाला, बृजेश शर्मा, कपिल जांगिड़, सवाई धामू, शंकर जांगिड़, महेश धामू, तिलोक जांगिड़, सुमित जांगिड़, राधेश्याम जांगिड़ को प्रचार व संगठन मंत्री की शपथ दिलाई।