जोधपुर| एम्स में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहे एक स्टूडेंट को सोशल साइट पर सस्ते में मोबाइल बेचने का झांसा देकर शातिर बदमाश ने 56 हजार रुपए ठग लिए। कई दिनों तक इंतजार के बाद भी मोबाइल नहीं मिला, तो स्टूडेंट को खुद के साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला और उसने शास्त्रीनगर थाने में केस दर्ज कराया। पुलिस ने बताया कि मूलतया गंगानगर के अनूपगढ़ हाल एक्स परिसर स्थित क्वार्टर में रहने वाले अभिजीत कुमार जाट पुत्र अंगद कुमार की ओर से रिपोर्ट दी गई है। इसमें बताया कि गत 15 मार्च को उसने फ्री विज्ञापन देने वाली साइट ओएलएक्स पर एक आर्मी ऑफिसर श्रीकांत द्वारा महंगी कंपनी का लेटेस्ट मोबाइल फोन सस्ते में बेचने का विज्ञापन देखा। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर कथित श्रीकांत ने अपना कीमती मोबाइल 56 हजार रुपए में बेचने का सौदा किया। अभिजीत ने उसके बताए खाते में यह राशि जमा कराई, लेकिन एक महीने से ज्यादा समय बीतने के बाद भी उसे मोबाइल नहीं मिला।
शातिर ने आर्मी अफसर बनकर सोशल साइट पर सस्ते में फोन बेचने का दिया था विज्ञापन